Saturday, December 12, 2020

डा. साकेत सहाय

 


https://issuu.com/themessagesjmc/docs/the_message_221/1?ff&experiment=no-fs-header


https://www.facebook.com/1619138805/posts/10221673524940275/?d=n


पुस्तक विमर्श -अमेठी संग्राम

 नई पुस्तक 'अमेठी संग्राम' के लिए ‘वरिष्ठ पत्रकार’ अनंत विजय जी को हार्दिक बधाई!  पुस्तक के ज़रिए यह जानना रोचक होगा कि कैसे एक धारावाहिक अभिनेत्री से चुनावी नेत्री बनी स्मृति ईरानी ने लोकतंत्र में ख़ानदानी सीट के रूप में ख्यात हो चुकी अमेठी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गाँधी को पराजित किया। हालांकि दोनो ग्लैमर के अनुगामी है एक के पास ख़ानदानी ग्लैमर है तो दूसरे के पास टीवी सीरियल अभिनेत्री से अर्जित ग्लैमर और ऊपर से शाब्दिक चतुराई के अन्दाज़ से भरे भाषण का विशेष गुण है। 

पर यह चुनाव इस रूप में जरूर ऐतिहासिक रहा कि अमेठी की जनता ने इस ग्लैमर पर ज़्यादा भरोसा किया।  अब यह देखना तो दिलचस्प होगा कि यह ग्लैमर जनता के प्रति कितना ईमानदार रहेगा?  बहुत कुछ डोमेन में है। पर पुस्तक के लेखक Anant Vijay जी इन बिंदुओं पर पत्रकार के नाते गहरी समझ रखते हैं तो पुस्तक दिलचस्प प्रतीत होती है। पुस्तक के लिए उन्हें पुन: बधाई!


समस्या_छोटे_ कारोबारियों_की

 बात तो सही है। यह समस्या रेहड़ी-पटरी वालों, परचून दुकानदारों , ड्राईवरों तथा छोटे कामगारों की भी हैं। जरुरत है उदारीकरण के उचित व्याख्या की और इसे लागू करने की। साथ ही सबसे जरुरी है सामाजिक मूल्यों की। क्योंकि भ्रष्ट व्यवस्था के लिए इस देश के नागरिकों की लालची सोच ज़्यादा ज़िम्मेदार है क्योंकि नेता, निजी कम्पनियाँ, पत्रकार और प्रशासक इसी का दोहन करते हैं।

https://www.facebook.com/1619138805/posts/10221685141510682/?d=n

#हिंदी_से_प्रेम

 #Fightforinformationinindianlanguage


#राष्ट्रभाषा_पहले #जय_हिंद_जय_हिंदी


आज सुबह में मुझे दूध का एक पैकेट फटा मिला, तो मैंने कंपनी को इस बात की शिकायत हिंदी में ई-मेल  द्वारा की। कंपनी ने इसका उत्तर अंग्रेज़ी में दिया। यह बेंगलेरू में स्थित कंपनी है। फिर मैंने लिखा। आप सभी को जानकर प्रसन्नता होगी कि कम्पनी ने दुबारा उत्तर हिंदी में दिया। निहितार्थ यही है आपको अपनी उपयोगिता स्थापित करनी होगी। फोटो संलग्न है।


जैसा कि आप सभी जानते है कि हिंदी मेरी वृत्ति भी है और प्रवृति भी। परंतु हिंदी पहले मेरी प्रवृति बनी बाद में वृत्ति। यहीं कारण है कि मैं इससे दिल से जुड़ा हूँ।  वास्तव में भारत की यह विडम्बनापूर्ण स्थिति है कि हमारे लिए अपनी भाषाएँ गौण है। हमारे लिए अपनी भाषाएँ महत्व की दृष्टि से सबसे अंतिम पायदान पर खड़ी रहती हैं। जबकि भाषाएँ समाज, राष्ट्र की जीवंतता के लिए परमावश्यक है। पर हम तो भारत के संविधान द्वारा प्रतिष्ठित भारत की राष्ट्रभाषा, राजभाषा हिंदी एवं अपनी प्रादेशिक भाषाओं के प्रयोग में हीनता बोध का अनुभव करते हैं। अन्यथा क्या कारण है कि सब कुछ होते हुए भी उदारीकरण के युग में कथित ज्ञान प्राप्ति की ख़ातिर हमारी अपनी राष्ट्रभाषा एवं प्रादेशिक भाषाएँ बोली के रूप में सिमटती जा रही है। क्योंकि हम इनका प्रयोग नहीं करते। सिर्फ़ सरकारों को कोसते हैं। 


भाषा के प्रसार के लिए यह जरुरी है कि हम इनका प्रयोग करें।  उपयोगिता स्थापित करें। भाषा प्रयोग की दिशा में निरंतर प्रयास करें।  हम सभी अपने  मोबाइल  बिल, हवाई यात्रा टिकट या अन्य बिल विवरण ल, डीमैट खाता, म्यूच्यूयल फंड आदि अंग्रेजी के  बदले  हिंदी में भी मांगे। साथ ही, अन्य क्षेत्रों में भी हिंदी एवं भारतीय  भाषाओं की मांग करें तभी निजी  क्षेत्र भी हिंदी  का महत्व  समझेंगे क्योंकि सरकार द्वारा  हिंदी व अन्य भारतीय भाषाओं को बढ़ावा दिय़ा जाता है  परंतु निजी  क्षेत्र  हमारे ऊपर जबरदस्ती अंग्रेजी  थोपती है जबकि वे भी हमसे  शुल्क  लेते हैं। 


भाषाएं भाव, विचार की अनुगामिनी होती है । सफल कारोबार के लिए ये सभी जरूरी है। बाज़ार मांग के महत्व को समझता है।  पूर्व में भी मेरे द्वारा इंडिगो, एयरटेल, होमशाॅप- 18,   सोनी टीवी  तथा एक  अमेरिकन वेबसाइट को लिखने का असर दिखा  था।  निष्ठा के साथ किए गए प्रयास जरूर रंग लाते है। 

सादर 

डा. साकेत सहाय


Sunday, June 14, 2020

एक चमकते सितारे का अस्त हो जाना ..

एक चमकते सितारे का अस्त होना …. 

 

क्या रंगीन दुनिया अवसाद की ओर ले जाती है और मौत की ओर धकेलती है। आज सुशांत सिंह राजपूत का जाना बहुत कुछ कहता है। कुछ दिनों पूर्व रंगमंच कलाकार प्रेक्षा मेहता और उससे कुछ दिनों पूर्व पत्रकार रिजवाना तबस्सुम द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें आईं थीं। हाल में घटित ये दुर्घटनाएं क्या संकेत देती हैं? क्या रंगीन दुनिया इंसानों में केवल सपने देखने का जज़्बा भर देती है, उससे अधिक कुछ नहीं।

 

अपनी फिल्मों में उत्साही, साहसी, हिम्मती, खुशमिजाज और महत्वाकांक्षी भूमिका निभाने वाले सुशांत सिंह राजपूत द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर पर सहसा विश्वास नहीं होता।  अपनी अभिनीत फिल्म ‘छिछोरे’ में अपने बेटे को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करके आत्महत्या से रोकने वाले सुशांत खुद इस मोड़ पर आकर स्वयं को अपनी अंतिम यात्रा पर ले जाएंगे, वो भी मात्र 34 वर्ष की आयु में इस तरीके से भला किसे विश्वास होगा।  नियति का दुष्चक्र कब, किसे, कहाँ ले जाएगा यह किसे पता होता है।  कभी परदे पर महेंद्र सिंह धोनी के संघर्षपूर्ण सफर को जीवंत करने वाले अपनी जीवन यात्रा में खुद कमजोर पड़ जाएंगे, भला किसे पता था।  अपनी फिल्म ‘छिछोरे’ में अपने बेटे से वे कहते हैं - "ज़िन्दगी में ज़िन्दगी से बढ़कर कुछ नहीं होता।"

 

सुशांत सिंह राजपूत एक सफल अभिनेता थे, उनके पास काम की कमी नहीं थीं, पर वे अपने परिवार से दूर थे।  बिहार के छोटे से शहर पूर्णिया से ताल्लुक रखने वाले इस सामान्य पृष्ठभूमि के शख्स ने मुंबई की मुख्य धारा सिनेमा में अपने दम पर बेहद सहजता से सफलता की गाथा लिखी थी।  टेलीविजन से फिल्म तक उन्होंने अपने बल पर पहचान कायम की थी।  मुंबई फिल्म उद्योग में अपने दम पर पहचान कायम करना कितना मुश्किल भरा सफर होता है इससे सब परिचित है।  ऐसे में सुशांत सिंह कमजोर दिल के शख्स तो कभी हो ही नहीं सकते।  इस फिल्म उद्योग में तो बाहर का कोई व्यक्ति बिना संघर्ष और जज़्बे के अपनी पहचान बना ही नहीं सकता।  जीवन का महत्व और संघर्ष की परिभाषा तो इस शख्स के लिए कतई मुश्किल हो ही नहीं सकता।  तो क्या परिवार या अपनों से दूर होना उनके लिए घातक सिद्ध हुआ।  सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी मृत्यु से सिर्फ 10 दिन पूर्व अपनी माँ को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट लिखी थी- निगोशिएटिंग_बिटविन_द_टू। यही भीतर का समन्वय या संतुलन जब टूट जाता है तब इंसान जीने से बेहतर मरना समझता है। उनकी यह पोस्ट काफी कुछ कहती है।  वास्तव में इंसान सफलताओं की अंधी होड़ में बहुत कुछ भूल जाता है।  ऐसे में उसे सबसे अधिक जरूरत होती है अपनों की, उनकी संवेदनाओं की।  दुर्भाग्यवश आज के दौर का सफल व्यक्ति बहुधा इन सबसे दूर होता जा रहा है। 

हमारी वर्तमान शिक्षा पद्धति भी इस हेतु काफी कुछ जिम्मेदार है।  जहां सफलता का मतलब पद, पैसा, रसूख।  हद से ज्यादा भौतिकवाद।  हमारी शिक्षा व्यवस्था का केंद्र-विंदु भौतिकवाद होता जा रहा है जो कि एक अनैतिक समाज के निर्माण में मुख्य भूमिका निभा रहा है।  जिस समाज में पद, पैसा ही सब कुछ हो, चाहे वो जिस भी तरीके से जुटाई जाए।  दुख होता है उस देश के लिए जहां मर्यादा, मूल्य, परिवार, समाज, मानवीय आदर्शों की स्थापना ही सब कुछ होता था, वहाँ ऐसी स्थिति निर्मित हो चुकी है। 

आत्महत्या केवल एक व्यक्ति नहीं करता, बल्कि अपने अंत के साथ ही वह इस सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रश्न चिन्ह खड़े करता है। क्या हमारा समाज अपने आस-पड़ोस से विमुख होता जा रहा है। हम सब क्यों इस शहरीकरण की पश्चिमी प्रवृत्ति को सह रहे हैं।  सुशांत सिंह राजपूत का जाना हम सभी को कई संकेत देता है। उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत थीं।  पर उनका इस कदर आत्महत्या करना क्या संकेत देता है। तमाम संघर्षों की राह में उनका चमक कर उभर आना और फिर विलीन हो जाना।  पूर्णिया से पटना का सफर फिर इंजीनियरिंग की परीक्षा पास करना, उसके बाद सिनेमा और टेलीविजन में सफल होना, उनके संघर्ष और मेहनत का ही जीवंत सफर है जो अब कथा बन चुकी है।  सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी मेहनत से वह सब हासिल किया जो एक छपरा, पूर्णिया, देवरिया, पलवल या बलिया के लड़के के लिए काफी मुश्किल होता है।  उनका इस तरह से जाना इन छोटे शहरों के युवाओं को यह सोचने को कई बार मजबूर करेगा कि क्या यह सफलता जानलेवा भी हो सकती है।  

 

हो सकता है उनके इस अंत के पीछे कोई और कारण रहा हो।  अवसाद, निजी रिश्ते हों या शायद कुछ और।  पर क्या उन्होंने इसी अंत के लिए इतना संघर्ष किया था। यदि सनातन धर्म के पुनर्जन्म सिद्धांत को मान भी लें तो क्या उन्होंने अपने को तपाकर जो कुंदन जैसा जीवन प्राप्त किया था उसका अंत क्या संदेश देगा। जीवन के बारे में हम अक्सर यह कहते है कि जीवन तो एक ही है, जी भर कर जियो।  और आप तो बहुत कुछ जीत चुके थे, फिर क्या जरूरत थीं हिम्मत हारने की। 

 

कई बार कोई समय हमारे मन को दूसरी अवस्था की ओर ले जाता है।  एक स्वस्थ इंसान भी परिस्थितिवश अवसाद में चला जाता है। ऐसे में यह जरूरी है कि हम सभी आत्म दया, अपराध बोध आदि भावों के प्रति सचेत रहें। किसी भी अवसाद का सबसे बेहतर इलाज है- अपने आसपास किसी को अकेला नहीं छोड़ें, परस्पर बातचीत बनाये रखें।  खबरों के मुताबिक वे पिछले छ: माह से अवसाद से पीड़ित थे, ऐसे में उनका अकेले रहना क्या इस अंतिम यात्रा में उन्हें खींच ले गया।

 

सुशांत सिंह का इस प्रकार का अंत काफी कुछ कहता है।  युवा पीढ़ी को भौतिकता की अनावश्यक, अनियंत्रित तथा दिशाहीन दौड़ से बचना चाहिए।  सोशल मीडिया या चैनलों पर प्रसारित खबरों को देखकर यह कहा जा सकता है कि समाज एवं मीडिया को इस प्रकार की खबरों के दौरान थोड़ा संतुलन रखना चाहिए। ताकि समाज में किसी प्रकार का नकारात्मक संदेश न जाएं। 

 

आज की अंधी होड़ में यह समझ में ही नहीं आता कि कौन किस मानसिक अवसाद से जूझ रहा है, कौन किस तकलीफ में है। पैसा एवं सुविधाएं खुशी या सुकून का एकमात्र पर्याय नहीं हैं। देश में आत्महत्या की इस बढ़ती प्रवृति की रोकथाम के लिए यह जरूरी है कि युवा होते इस देश में आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति पर शिक्षक, प्रशासक, समाज और सरकार मिलकर कुछ सोचे और जीवन की व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने का पाठ्यक्रम बनाएं और उसे अनिवार्य रूप से लागू करें। यह भी जरूरी है कि बात करते रहिये, 2-4 दोस्त ऐसे रखिये जिनसे आप कुछ भी विमर्श कर सकते है और वो आपका आकलन न करें । साथ ही हम सभी विनम्र रहें।  और सबसे जरूरी माता-पिता, शिक्षक अपने बच्चों को मानसिक रूप से सशक्त बनाए।  बच्चों को असफलता एवं संघर्ष का सामना करना जरूर सिखाएं।  शिक्षा पद्धति में भारतीय जीवन मूल्यों की स्थापना बेहद जरूरी है।  

 

***********************

 

 

✍©डॉ. साकेत सहाय

संपर्क:
hindisewi@gmail.com

 

 

 

 

 


Sunday, May 3, 2020

इरफान होने का मतलब ..


इरफान होने का मतलब



“सिर्फ इंसान ही गलत नहीं होते, वक्त भी गलत हो सकता है।”  29 अप्रैल, 2020 का दिन भारतीय कला जगत को एक ऐसा जख्म देकर गया जिसकी भरपाई करना मुश्किल हैं।  जिस बॉलीवुड में बिना किसी पहचान एवं पहुंच के अपने को स्थापित करना बेहद कठिन होता है वहां वे अपने सहज एवं दमदार अभिनय के बल पर एक चमकते सितारे के रूप में सामने आए। उनके असामयिक निधन से हर कोई दुखी है। महानायक अमिताभ बच्चन ‘इरफान की मृत्यु को फिल्म जगत के लिए किसी आपदा की भांति मानते है। वैसे तो इस दुनिया में मृत्यु ही अटल सत्य हैं।  जो आया है उसे जाना ही होगा।  संत कबीरदास का दोहा हैं –

                          जो उग्या सो अन्तबै, फूल्या सो कुमलाहीं।                   

जो चिनिया सो ढही पड़े, जो आया सो जाहीं।

जीवन के इस सफर में ईश्वर बहुत कम लोगों को ऐसा नसीब देते हैं जो अपने कार्यों से एक लंबी एवं यादगार रेखा खींच जाते है।  फिल्म जगत में बहुत कम समय में ही अपने अभिनय की छाप छोड़ने वाले इरफान खान ऐसे ही हस्ताक्षर है।  इरफान का अर्थ होता हैं ज्ञान, सीखना; इरफान ने अपने कृतित्व से इसे सिद्ध किया है।   07 जनवरी, 1967 को राजस्थान के छोटे से शहर टोंक में पैदा हुए इरफान अली खान बचपन से ही थोड़े अनोखे स्वभाव के थे। शुद्ध शाकाहारी इरफान खान के लिए उनके पिता कहते थे ‘पठान के घर ब्राह्मण पैदा हो गया है।‘  

इरफान ने अपनी मेहनत के बल पर फिल्म उद्योग में खान तिकड़ी से अलग लाइन खींची, एक साधारण फिल्म भी उनके अभिनय की वजह से असाधारण बन जाती थीं। कभी जुरासिक पार्क-1 देखने निकले जिस इरफान के पास जेब में सिर्फ 2 रूपए थे; तब किसने सोचा था यही कभी स्टीवन स्पीलबर्ग के साथ काम करेगा। इरफान ने विश्व सिनेमा को भी अपनी अभिनय से प्रभावित किया। दर्शक उनके नाम से टिकटें खरीदते थे।

हाल के दशकों में ऐसा बहुत कम अभिनेताओं के साथ हुआ है जब एक ऑफबीट सिनेमा का अभिनेता इतनी बुलंदियों को छुआ हो। जैसा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहा ‘फिल्म अभिनेता इरफान खान का निधन थियेटर एवं फिल्म जगत दोनों की क्षति है।‘ मीरा नायर की फिल्म सलाम बॉम्बे से अपने फिल्मी सफर की शुरूआत करने वाले इरफान खान को अपने जीवंत अभिनय के लिए सदैव याद किया जाएगा।  वे अपने किरदार को परदे पर जीते थे।  भला कौन भूलेगा ‘पान सिंह तोमर’ का उनका किरदार या ‘हिंदी मीडियम’ में उनके अभिनय को।  एक साधारण फिल्म को अपने अभिनय से जीवंत करने वाले इरफान दर्शकों के दिलों में सदैव जिंदा रहेंगे।

नेशनल फिल्म स्कूल के छात्र इरफान ने प्रारम्भ में रंगमंच की दुनिया में हाथ आजमाया; बाद में सफलता मिलने पर दूरदर्शन धारावाहिकों में भी अभिनय की अलग छाप छोड़ी।  ‘भारत एक खोज’, ‘चंद्रकांता’, ‘चाणक्य’ जैसे धारावाहिकों में काम करने के बाद मुंबई फिल्म उद्योग की ओर उन्होंने रूख किया।  प्रारंभ में इरफान खान को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्हें सफलता का पहला स्वाद वर्ष 2003 में तिग्मांशु धूलिया निर्देशित फिल्म ‘हासिल’ से प्राप्त हुई।  उन्होंने ‘हासिल’ के नकारात्मक किरदार ‘रणविजय’ को पर्दे पर भरपूर जिया, जिससे वे विलेन होकर भी कईयों की नजर में हीरो बन गए।  इस बेहतरीन अदाकारी के लिए वर्ष 2004 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्म फेयर पुरस्कार भी मिला। 

एक अंतराल के बाद वर्ष 2012 में तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में ही एक बार फिर बॉलीवुड ने उनकी प्रतिभा को ‘पान सिंह तोमर’ के रूप में।  व्यवस्था की कमी से कैसे एक पूर्व भारतीय खिलाड़ी अपने हाथ में कानून लेने को विवश हो जाता है, इस किरदार को इरफान ने जीवंत कर दिया।  उन्हें इस फिल्म हेतु आलोचकों और दर्शकों, दोनों का ही भरपूर प्यार मिला।  साथ ही उन्हें इस भूमिका हेतु सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

इसके बाद इरफान खान फिर कभी रुके नहीं।  इरफान ने ‘कारवां’, ‘पीकू’, ‘तलवार’, ‘हिंदी मीडियम’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी की बेमिसाल छाप छोड़ी। अपनी अदाकारी से इरफान किसी भी फिल्म में जान डाल सकते थे, फिल्म में उनका होना ही उसके स्तरीय होने की गारंटी माना जाने लगा। एक स्टार अभिनेता के रूप में इरफान ने हीरो के पारंपरिक छवि को तोड़ने की कोशिश की।  साथ ही हॉलीवुड फिल्मों यथा, लाइफ ऑफ पाई, इन्फर्नो, जुरासिक वर्ल्ड आदि में अहम भूमिकाओं के द्वारा भारत को हॉलीवुड में एक अलग पहचान दिलाई। इरफान खान की अभिनय के प्रति यह समर्पण का ही परिणाम था कि ‘न्यूरोएंडोक्रिन कैंसर’ जैसी असाध्य बीमारी से जूझने के बावजूद उन्होंने ‘अंग्रेज़ी मीडियम’ न सिर्फ पूरी की, बल्कि अपने किरदार को भी यादगार बना दिया।

इरफान एक अच्छे अभिनेता के साथ एक अच्छे इंसान भी थे।  अपने असरदार अभिनय और धीमे-धीमे बोलने के अंदाज से सबके दिलों पर अपनी छाप छोड़ने वाले इरफान शायद अपनी मां की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाए। उन्हीं का एक संवाद हैं – ‘माँ की गोद में जी भरकर सोना चाहता हूँ।‘ तब किसे पता था इस संवाद का अर्थ। अपने शानदार अभिनय प्रतिभा से पद्मश्री इरफान ने कई मुकाम हासिल किए। अपने अभिनय के बल पर बॉलीवुड तथा हॉलीवुड दोनों के आकाश में सितारे बन कर चमके।

‘दुनिया याद करती है उम्र से नहीं, कर्म से’। कोरोना काल में इरफान खान की मृत्यु से ऐसा लगता हैं – जिंदगी बड़ी है या मौत?  बीमारी का पता चलने पर लंदन के अस्पताल से लिखा गया उनका मर्मस्पर्शी पत्र- ‘’कुछ महीने पहले अचानक मुझे पता चला था कि मैं न्यूरोएंडोक्रिन कैंसर से ग्रस्त हूं। मैंने पहली बार यह शब्द सुना था। खोजने पर मैंने पाया कि इस शब्द पर बहुत ज्यादा शोध नहीं हुए हैं क्योंकि यह एक दुर्लभ शारीरिक अवस्था का नाम है और इस वजह से इसके उपचार की अनिश्चितता ज्यादा है।  अभी तक अपने सफ़र में मैं तेज़-मंद गति से चलता चला जा रहा था… मेरे साथ मेरी योजनाएं, आकांक्षाएं, सपने और मंजिलें थीं। मैं इनमें लीन बढ़ा जा रहा था कि अचानक टीटी ने पीठ पर टैप किया, ’आपका स्टेशन आ रहा है, प्लीज उतर जाएं।’  मेरी समझ में नहीं आया… न न, मेरा स्टेशन अभी नहीं आया है…।’ जवाब मिला, ‘अगले किसी भी स्टॉप पर उतरना होगा, आपका गंतव्य आ गया…।’ अचानक अहसास हुआ कि आप किसी ढक्कन (कॉर्क) की तरह अनजान सागर में अप्रत्याशित लहरों पर बह रहे हैं। लहरों को क़ाबू करने की ग़लतफ़हमी लिए।

जब मैं पहली बार दर्द के साथ अस्पताल (लंदन के) में गया, मुझे लंबे वक्त तक इस बात का एहसास तक नहीं हुआ कि मेरे बचपन का सपना लॉर्ड्स स्टेड‍ियम मेरे अस्पताल के पास बना है। जब मैं अस्पताल की बालकनी पर खड़ा होता था तो एक तरफ स्टेड‍ियम में लगी क्रिकेटर विवियन र‍िचर्ड्स की मुस्कुराती तस्वीर देखता। एक तरफ मेरा अस्पताल था, दूसरी तरफ स्टेड‍ियम। इस बीच एक सड़क थी जो मुझे जिंदगी और मौत के बीच का रास्ता जैसा लग रही थी..✍️- इरफान खान।

एक बेहतरीन अभिनेता, शानदार इंसान हमारे बीच से चला गया। न्यूरोएंडोक्रिन कैंसर की प्राणघातक बीमारी से जूझते हुए उन्होंने जिजीविषा की मिसाल पेश की थी। एक माह पहले ही उनकी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ आई थी, तब किसे पता था यह उनकी आखिरी फिल्म होगी। अब वे हमारे बीच नहीं रहे, पर उनका संवाद, अभिनय सदैव जीवंत रहेगा। 

कार्य के प्रति उनकी लगन, उनकी जिजीविषा, उनकी अदाकारी और सबसे बढ़कर उनका बेबाक व्यक्तित्व सदैव नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा। उनकी विरासत को सहेजना हमारा दायित्व भी हैं और हमारे लिए उनका व्यक्तित्व प्रेरणा स्रोत भी है। कहते हैं जिंदगी लंबी नहीं, बड़ी होनी चाहिए। इरफान साहब आपने ‘ज़िंदगी तो लंबी नहीं जी पर बहुत बड़ी जिंदगी जी’।
इसे आप यहाँ भी पढ  सकते हैं - 





संपर्क

डॉ साकेत सहाय

+ 8800556043

hindisewi@gmail.com






Friday, April 24, 2020

सड़कें खाली हैं .. ..



सड़कें खाली हैं …………………




सड़कें खाली हैं ..

सूनी हैं …

महानगर और नगर की

शहर और कस्बों की

गाँवों के पगडंडियों की ।




पर

बत्तियाँ जल रही हैं

कीट, पतंगें, पशु-पक्षी

सब दिख रहे हैं

नहीं दिख रहा तो बस

आदमी

जो मानव से दानव बनने चला था

विज्ञान को विकृत-ज्ञान बनाने पर तुला था

हथियार को ही सब कुछ मान बैठा था

परम-पिता को ही चित्त करने चला था

था तो वह परमात्मा की अपूर्व, अप्रतिम कृति

पर वहीं सबसे बड़ा विनाशक निकला




आज सब कुछ है पर एक डर है

भले आकाश नीला है

धरती खामोश है

नदियां साफ है

पर वे कुछ बोलना चाहती हैं

क्या कोई इन्हें सुनना भी चाहता है ।




कोरोना एक संकेत है

हे मानव !

सुधर जाओ

अपनी इच्छाओं को अनंत बनाओ

पर प्रकृति के अनुरूप

मानव की प्रकृति तो विध्वंसक की नहीं होती

अत: प्रकृति की सुनो,

आओ फिर से धरती को स्वर्ग बनाओ ।

© डॉ साकेत सहाय


































हिंदी की ऐतिहासिक विरासत और शास्त्रीय भाषा का प्रश्न

हिंदी की ऐतिहासिक विरासत और शास्त्रीय भाषा का प्रश्न (पालि, प्राकृत, अपभ्रंश से आधुनिक हिंदी तक : भाषायी निरंतरता, सांस्कृतिक समावेश और भविष...