एक चमकते सितारे का अस्त हो जाना ..

एक चमकते सितारे का अस्त होना …. 

 

क्या रंगीन दुनिया अवसाद की ओर ले जाती है और मौत की ओर धकेलती है। आज सुशांत सिंह राजपूत का जाना बहुत कुछ कहता है। कुछ दिनों पूर्व रंगमंच कलाकार प्रेक्षा मेहता और उससे कुछ दिनों पूर्व पत्रकार रिजवाना तबस्सुम द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें आईं थीं। हाल में घटित ये दुर्घटनाएं क्या संकेत देती हैं? क्या रंगीन दुनिया इंसानों में केवल सपने देखने का जज़्बा भर देती है, उससे अधिक कुछ नहीं।

 

अपनी फिल्मों में उत्साही, साहसी, हिम्मती, खुशमिजाज और महत्वाकांक्षी भूमिका निभाने वाले सुशांत सिंह राजपूत द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर पर सहसा विश्वास नहीं होता।  अपनी अभिनीत फिल्म ‘छिछोरे’ में अपने बेटे को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करके आत्महत्या से रोकने वाले सुशांत खुद इस मोड़ पर आकर स्वयं को अपनी अंतिम यात्रा पर ले जाएंगे, वो भी मात्र 34 वर्ष की आयु में इस तरीके से भला किसे विश्वास होगा।  नियति का दुष्चक्र कब, किसे, कहाँ ले जाएगा यह किसे पता होता है।  कभी परदे पर महेंद्र सिंह धोनी के संघर्षपूर्ण सफर को जीवंत करने वाले अपनी जीवन यात्रा में खुद कमजोर पड़ जाएंगे, भला किसे पता था।  अपनी फिल्म ‘छिछोरे’ में अपने बेटे से वे कहते हैं - "ज़िन्दगी में ज़िन्दगी से बढ़कर कुछ नहीं होता।"

 

सुशांत सिंह राजपूत एक सफल अभिनेता थे, उनके पास काम की कमी नहीं थीं, पर वे अपने परिवार से दूर थे।  बिहार के छोटे से शहर पूर्णिया से ताल्लुक रखने वाले इस सामान्य पृष्ठभूमि के शख्स ने मुंबई की मुख्य धारा सिनेमा में अपने दम पर बेहद सहजता से सफलता की गाथा लिखी थी।  टेलीविजन से फिल्म तक उन्होंने अपने बल पर पहचान कायम की थी।  मुंबई फिल्म उद्योग में अपने दम पर पहचान कायम करना कितना मुश्किल भरा सफर होता है इससे सब परिचित है।  ऐसे में सुशांत सिंह कमजोर दिल के शख्स तो कभी हो ही नहीं सकते।  इस फिल्म उद्योग में तो बाहर का कोई व्यक्ति बिना संघर्ष और जज़्बे के अपनी पहचान बना ही नहीं सकता।  जीवन का महत्व और संघर्ष की परिभाषा तो इस शख्स के लिए कतई मुश्किल हो ही नहीं सकता।  तो क्या परिवार या अपनों से दूर होना उनके लिए घातक सिद्ध हुआ।  सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी मृत्यु से सिर्फ 10 दिन पूर्व अपनी माँ को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट लिखी थी- निगोशिएटिंग_बिटविन__टू। यही भीतर का समन्वय या संतुलन जब टूट जाता है तब इंसान जीने से बेहतर मरना समझता है। उनकी यह पोस्ट काफी कुछ कहती है।  वास्तव में इंसान सफलताओं की अंधी होड़ में बहुत कुछ भूल जाता है।  ऐसे में उसे सबसे अधिक जरूरत होती है अपनों की, उनकी संवेदनाओं की।  दुर्भाग्यवश आज के दौर का सफल व्यक्ति बहुधा इन सबसे दूर होता जा रहा है। 

हमारी वर्तमान शिक्षा पद्धति भी इस हेतु काफी कुछ जिम्मेदार है।  जहां सफलता का मतलब पद, पैसा, रसूख।  हद से ज्यादा भौतिकवाद।  हमारी शिक्षा व्यवस्था का केंद्र-विंदु भौतिकवाद होता जा रहा है जो कि एक अनैतिक समाज के निर्माण में मुख्य भूमिका निभा रहा है।  जिस समाज में पद, पैसा ही सब कुछ हो, चाहे वो जिस भी तरीके से जुटाई जाए।  दुख होता है उस देश के लिए जहां मर्यादा, मूल्य, परिवार, समाज, मानवीय आदर्शों की स्थापना ही सब कुछ होता था, वहाँ ऐसी स्थिति निर्मित हो चुकी है। 

आत्महत्या केवल एक व्यक्ति नहीं करता, बल्कि अपने अंत के साथ ही वह इस सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रश्न चिन्ह खड़े करता है। क्या हमारा समाज अपने आस-पड़ोस से विमुख होता जा रहा है। हम सब क्यों इस शहरीकरण की पश्चिमी प्रवृत्ति को सह रहे हैं।  सुशांत सिंह राजपूत का जाना हम सभी को कई संकेत देता है। उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत थीं।  पर उनका इस कदर आत्महत्या करना क्या संकेत देता है। तमाम संघर्षों की राह में उनका चमक कर उभर आना और फिर विलीन हो जाना।  पूर्णिया से पटना का सफर फिर इंजीनियरिंग की परीक्षा पास करना, उसके बाद सिनेमा और टेलीविजन में सफल होना, उनके संघर्ष और मेहनत का ही जीवंत सफर है जो अब कथा बन चुकी है।  सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी मेहनत से वह सब हासिल किया जो एक छपरा, पूर्णिया, देवरिया, पलवल या बलिया के लड़के के लिए काफी मुश्किल होता है।  उनका इस तरह से जाना इन छोटे शहरों के युवाओं को यह सोचने को कई बार मजबूर करेगा कि क्या यह सफलता जानलेवा भी हो सकती है।  

 

हो सकता है उनके इस अंत के पीछे कोई और कारण रहा हो।  अवसाद, निजी रिश्ते हों या शायद कुछ और।  पर क्या उन्होंने इसी अंत के लिए इतना संघर्ष किया था। यदि सनातन धर्म के पुनर्जन्म सिद्धांत को मान भी लें तो क्या उन्होंने अपने को तपाकर जो कुंदन जैसा जीवन प्राप्त किया था उसका अंत क्या संदेश देगा। जीवन के बारे में हम अक्सर यह कहते है कि जीवन तो एक ही है, जी भर कर जियो।  और आप तो बहुत कुछ जीत चुके थे, फिर क्या जरूरत थीं हिम्मत हारने की। 

 

कई बार कोई समय हमारे मन को दूसरी अवस्था की ओर ले जाता है।  एक स्वस्थ इंसान भी परिस्थितिवश अवसाद में चला जाता है। ऐसे में यह जरूरी है कि हम सभी आत्म दया, अपराध बोध आदि भावों के प्रति सचेत रहें। किसी भी अवसाद का सबसे बेहतर इलाज है- अपने आसपास किसी को अकेला नहीं छोड़ें, परस्पर बातचीत बनाये रखें।  खबरों के मुताबिक वे पिछले छ: माह से अवसाद से पीड़ित थे, ऐसे में उनका अकेले रहना क्या इस अंतिम यात्रा में उन्हें खींच ले गया।

 

सुशांत सिंह का इस प्रकार का अंत काफी कुछ कहता है।  युवा पीढ़ी को भौतिकता की अनावश्यक, अनियंत्रित तथा दिशाहीन दौड़ से बचना चाहिए।  सोशल मीडिया या चैनलों पर प्रसारित खबरों को देखकर यह कहा जा सकता है कि समाज एवं मीडिया को इस प्रकार की खबरों के दौरान थोड़ा संतुलन रखना चाहिए। ताकि समाज में किसी प्रकार का नकारात्मक संदेश न जाएं। 

 

आज की अंधी होड़ में यह समझ में ही नहीं आता कि कौन किस मानसिक अवसाद से जूझ रहा है, कौन किस तकलीफ में है। पैसा एवं सुविधाएं खुशी या सुकून का एकमात्र पर्याय नहीं हैं। देश में आत्महत्या की इस बढ़ती प्रवृति की रोकथाम के लिए यह जरूरी है कि युवा होते इस देश में आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति पर शिक्षक, प्रशासक, समाज और सरकार मिलकर कुछ सोचे और जीवन की व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने का पाठ्यक्रम बनाएं और उसे अनिवार्य रूप से लागू करें। यह भी जरूरी है कि बात करते रहिये, 2-4 दोस्त ऐसे रखिये जिनसे आप कुछ भी विमर्श कर सकते है और वो आपका आकलन न करें । साथ ही हम सभी विनम्र रहें।  और सबसे जरूरी माता-पिता, शिक्षक अपने बच्चों को मानसिक रूप से सशक्त बनाए।  बच्चों को असफलता एवं संघर्ष का सामना करना जरूर सिखाएं।  शिक्षा पद्धति में भारतीय जीवन मूल्यों की स्थापना बेहद जरूरी है।  

 

***********************

 

 

©डॉ. साकेत सहाय

संपर्क:
hindisewi@gmail.com

 

 

 

 

 


Comments

Popular posts from this blog

महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह को श्रद्धांजलि और सामाजिक अव्यवस्था

साहित्य का अर्थ

पसंद और लगाव