Tuesday, September 29, 2026

एआई कैमरे का गजब कारनामा....!

 एआई कैमरे का गजब!



पीठ पर टंगे गिटार को समझा ‘सवारी’, बिना हेलमेट बताकर काट दिया ₹500 रुपए का चालान!  आईटी नगरी बेंगलूरु की यह घटना केवल यंत्र बुद्धि यानी एआई की गलती भर नहीं, बल्कि तकनीक पर अंधे भरोसे और जवाबदेही का गंभीर सवाल भी उठाती है। घटना यह है कि भारत की सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बेंगलुरु में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से सुसज्जित उच्च तकनीक वाले ट्रैफिक कैमरों का एक बेहद हैरान कर देने वाला और हास्यास्पद कारनामा सामने आया है। सड़क पर अकेले सफर कर रहे सौविक दत्ता के पीछे टंगे गिटार को ‘कैमरे ने ‘बिना हेलमेट पीछे बैठा दूसरा इंसान (पिलियन राइडर)’?समझ लिया। हद तो तब हो गई जब सिस्टम ने यह भी निष्कर्ष निकाल लिया कि उस कथित ‘इंसान’ ने सिर पर हेलमेट नहीं पहना है, और सीधे ₹500 रुपये का ट्रैफिक चालान काटकर घर भेज दिया।

बेंगलुरु के रहने वाले सौविक दत्ता अपनी पत्नी के नाम पंजीकृत स्कूटी पर पूरी तरह नियम मानते हुए हेलमेट पहनकर अकेले जा रहे थे। उनकी पीठ पर सिर्फ एक गिटार टंगा हुआ था। कुछ दिन बाद जब उनके मोबाइल पर चालान का मैसेज आया, तो वह सिर पकड़कर बैठ गए। चालान में नियम उल्लंघन की वजह ‘पीछे बैठी सवारी का बिना हेलमेट होना’ दर्ज थी। यानी जिस बाइक पर सिर्फ एक इंसान सवार था, कैमरे की नजर में वहां गिटार ही दूसरा इंसान बनकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहा था।

इस अजब चालान से परेशान होकर सौविक ने पूरी घटना और चालान की कॉपी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस को टैग किया। उन्होंने पूरी स्थिति साफ करते हुए जुर्माना रद्द करने की अपील की। पोस्ट सामने आते ही इंटरनेट पर मीम्स और तंज की बाढ़ आ गई। यूजर्स ने सवाल उठाया कि शहर में लाखों-करोड़ों की लागत से लगाए गए स्मार्ट सिस्टम अगर गिटार और इंसान के बीच का फर्क नहीं पहचान सकते, तो फिर इंसानी जांच (मैनुअल वेरिफिकेशन) के बिना सीधे चालान कैसे जारी किए जा रहे हैं।

इसी के साथ एआई के अंधे जुर्माने पर भी बहस छिड़ गई ।  विशेषज्ञों के अनुसार एआई कैमरे इमेज प्रोसेसिंग और पैटर्न के आधार पर फैसला लेते हैं। गिटार के कवर और उसकी लंबाई-चौड़ाई को सिस्टम ने बाइक पर बैठे दूसरे शख्स का आकार मान लिया और रंग व पैटर्न न मिलने पर उसे बिना हेलमेट मानकर पेनल्टी लगा दी। इस घटना का स्पष्ट संदेश यह है कि मशीन कितनी भी एडवांस क्यों न हो, अंतिम मुहर लगाने से पहले इंसानी समीक्षा बेहद जरूरी है, वरना बेकसूर नागरिकों को बिना किसी गलती के दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ेंगे।

गलती गिटार की नहीं, तकनीक की भी नहीं। गलती तब गंभीर होती है, जब तकनीक के निष्कर्ष को सत्य मानकर इंसानी सत्यापन की आवश्यकता ही समाप्त कर दी जाए। एआई व्यवस्था को तेज, पारदर्शी और प्रभावी बना सकता है; लेकिन एआई की पहचान अंतिम सत्य नहीं हो सकती।  कल गिटार की जगह कोई बैग, सामान या कोई अन्य वस्तु भी ‘सवारी’ बन सकती है। सवाल यह नहीं कि एआई से गलती क्यों हुई—सवाल यह है कि गलत AI निर्णय की जिम्मेदारी कौन लेगा?

कहा जा सकता है कि तकनीक निर्णय में सहायक हो, परंतु निर्णायक की भूमिका नहीं निभाए।  भला, मशीन की गलती का खामियाजा इंसान क्यों भुगतेगा? कह सकते हैं -“माना कि एआई की आँखें तेज हैं, लेकिन विवेक अभी इंसान के पास है!😊

स्रोत-समाचार पत्रों में प्रकाशित । 

— डॉ. साकेत सहाय 

✍️ लेखक

Monday, September 14, 2026

हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ

 आप सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ!🙏

विचार-


हिंदी की लड़ाई आज केवल कार्यालय की फाइलों में नहीं, बल्कि घर, स्कूल, बाजार, रोजगार और सामाजिक प्रतिष्ठा के मैदान में लड़ी जानी है।  हिंदी को केवल मंच पर सम्मान, कार्यालय में पुरस्कार और हिंदी दिवस पर आयोजन-गतिविधियां-मिष्ठान नहीं चाहिए; बल्कि उसे काम की भाषा, ज्ञान की भाषा, तकनीक की भाषा और अवसर की भाषा बनाने पर निरंतर ज़ोर देना होगा। जिस भाषा में रोज़गार और उन्नति का भरोसा नहीं दिखेगा, नई पीढ़ी उससे भावनात्मक रूप से जुड़ी होने के बावजूद व्यवहार में उससे कोसो दूर होती जाएगी।

ऐसे में जवाबदेही आवश्यक है; पुरस्कार एक साधन हैं, परंतु लक्ष्य नहीं। यह चिर सत्य है हिंदी की शक्ति केवल “दंड” से नहीं, दक्षता, अवसर, तकनीकी सामर्थ्य, आर्थिक उपयोगिता और सामाजिक आत्मविश्वास से बनेगी। हिंदी को किसी भारतीय भाषा से युद्ध करना नहीं है; बल्कि उसे तो भारतीय भाषाओं के साथ खड़े होकर अंग्रेज़ी के अनावश्यक वर्चस्व का विकल्प बनना है और इसमें हिंदी की सामूहिकता जरूरी है जो दुर्भाग्य से मंचों या सजावटी भाषणों तक ही दिख रही है ।  हिंदी के प्रयोग वृद्धि का सबसे प्रभावी हथियार लड़ाई, चिंता, शोक, या निराशा नही है । बल्कि संवैधानिक शक्ति , सामूहिक प्रयासों से उसे सक्षम बनाना है कि लोग उसे छोड़ना ही न चाहें जैसे स्वाधीनता आंदोलन के दौरान हिंदी सबकी चहेती थी या आज फ़िल्मी गानों, बाज़ार की भाषा या चुनावी सभाओं में  है । हिंदी दिवस का वास्तविक संकल्प - हिंदी को ऐसी सक्षम, उपयोगी और अवसर देने वाली भाषा बनाएँ कि उसे अपनाना भावना भर नहीं, स्वाभाविक व्यवहार और भविष्य का विकल्प बन जाए।

जय हिंद! जय हिंदी!! जय नागरी!!! 🇮🇳

— डॉ. साकेत  सहाय

हैदराबाद 

१४.०९.२०२६

#साकेत_विचार

युवा पीढ़ी का हिंदी के प्रति दायित्व

 




Wednesday, September 2, 2026

तकनीक के साथ, शिक्षक के हाथ

 तकनीक के साथ, शिक्षक के हाथ…

अहा! जिंदगी, सितंबर, २६ अंक





-डॉ साकेत सहाय 

पत्र-पत्रिकाओं और सोशल मीडिया के माध्यम से लिखना मेरे लिए लंबे समय से अभिव्यक्ति का एक प्रिय माध्यम रहा है। अपनी प्रकाशित रचनाएँ समय-समय पर आप सभी से साझा करता रहा हूँ। लेखन के प्रति अनुराग बचपन से ही रहा है। उन दिनों ‘अहा! जिंदगी’ अपने तेवर, विषय-वस्तु और रोचक एवं ज्ञानवर्द्धक सामग्री के लिए एक अलग पहचान रखती थी। मन में कभी इच्छा रही होगी कि इस पत्रिका में भी लिखूँ, लेकिन वह संयोग कभी नहीं बना। इसलिए मुझे विशेष प्रसन्नता हुई, जब एक दिन LinkedIn पर इस पत्रिका की उप संपादक सुश्री प्रज्ञा प्रिया जी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर एक आलेख लिखने के लिए मैसेंजर के माध्यम से मुझसे संपर्क किया। सच कहूँ तो अच्छा लगा कि उन्होंने मुझे इस योग्य समझा।  युवा, विनम्र, मितभाषी और सुरुचिपूर्ण लेखनी की धनी प्रज्ञा जी के प्रस्ताव पर मैंने ‘अहा! जिंदगी’ के सितंबर 2026 अंक के ‘अहा विशेष—प्यारे मास्टरजी’ के लिए लिखने का दायित्व स्वीकार किया और ‘तकनीक के साथ, शिक्षक के हाथ’ जैसे आज के बेहद प्रासंगिक विषय पर कलम चलाने का साहस किया।  आज डिजिटल युग ने शिक्षा के तौर-तरीकों को भले ही बदल दिया है, लेकिन शिक्षक की भूमिका समाप्त नहीं हुई है; बल्कि वह पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। तकनीक जानकारी दे सकती है, संसाधन उपलब्ध करा सकती है, सीखने की गति बढ़ा सकती है—लेकिन संस्कार, संवेदना, विवेक और सही दिशा देने का काम शिक्षक ही करता है। इसलिए आज सवाल ‘तकनीक बनाम शिक्षक’ का नहीं, बल्कि ‘तकनीक और शिक्षक’ के सार्थक समन्वय का है।  जब तकनीक ज्ञान का माध्यम बने और शिक्षक उस ज्ञान को दिशा दे, तभी शिक्षा वास्तव में सशक्त, सार्थक और मानवीय बनती है।

अत: यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि 

“तकनीक के साथ, शिक्षक के हाथ—यही भविष्य की शिक्षा का संतुलित मंत्र है।”

लेख कैसा बन पड़ा है, यह तो आप सभी पाठक ही बताएँगे। प्रकाशित रचना आप सभी के समक्ष प्रस्तुत है। आपकी प्रतिक्रिया और आलोचना दोनों का इंतज़ार रहेगा। 🙏


#तकनीक #शिक्षा #शिक्षक #DigitalEducation #शिक्षाकाभविष्य #अहाजिंदगी #प्यारेमास्टरजी #साकेत_विचार

‘अमिताभ’ होने का अर्थ

अमिताभ’ होने का अर्थ संघर्ष, साधना और कर्मनिष्ठा से जगमगाता एक विलक्षण व्यक्तित्व “यह बेहतर करने का उत्साह ही अमिताभ को ‘अमिताभ’ बनाता है।...