Saturday, December 10, 2022

धर्म-संस्कार



सिकंदराबाद के निकट पिलखन गाँव की कहानी यह है।

1904 का सन् था, बरसात का मौसम और मदरसे की छुट्टी हो चुकी थी...

लड़कियाँ मदरसे से निकल चुकी थी...

अचानक ही आँधी आई और एक लड़की की आँखों में धूल भर गई, आँखें बंद और उसका पैर एक कुत्ते पर जा टिका...

वह कुत्ता उसके पीछे भागने लगा...

लड़की डर गई और दौड़ते हुए एक ब्राह्मण मुरारीलाल शर्मा के घर में घुस गई...

जहाँ 52 गज का घाघरा पहने पंडिताइन बैठी थी...

उसके घाघरे में जाकर लिपट गई, ‘‘दादी मुझे बचा लो..।’’

दादी की लाठी देख कुत्ता तो वहीं से भाग गया, लेकिन बाद में जहाँ भी दादी मिलती, तो यह बालिका उसको राम-राम बोलकर अभिवादन करने लगी,

दादी से उसकी मित्रता हो गई और दादी उसे समय मिलते ही अपने पास बुलाने लगी, क्योंकि दादी को पंडित कृपाराम ने उर्दू में नूरे हकीकत लाकर दी थी, दादी उर्दू जानती थी, परंतु अब आँखें कमजोर हो गई थी, इसलिए उस लड़की से रोज-रोज वह उस ग्रंथ को पढ़वाने लगी और यह सिलसिला कई सालों तक चलता रहा।

लड़की देखते ही देखते पंडितों के घर में रखे सारे आर्ष साहित्य को पढ़-पढ़कर सुनाते हुए कब विद्वान बन गई पता ही नहीं, पता तो तब चला, जब एक दिन उसका निकाह तय हो गया और दादी कन्यादान करने गई।

निकाह के समय जैसे ही उसने अपने दूल्हे को देखा तो वह न केवल पहले से शादीशुदा था वरन एक आँख का काना भी था, इसलिए लड़की को ऐसा वर पसंद नहीं आया, परंतु घरवालों और रिश्तेदारों ने दबाव डाला।

परंतु अबला ने जैसे ही देखा कि 52 गज के घाघरे वाली पंडिताइन कन्यादान करने आई है, अपने पोते के साथ तो एक बार फिर इतने वर्षो बाद दादी से चिपट गई थी, ‘दादी मुझे बचा लो, मैं काने से निकाह नहीं करूँगी।’

‘काने से नहीं करेगी तो तेरे लिए क्या कोई शहजादा आएगा?’

वह वधू दादी को छोड़ने का नाम न ले रही थी, दादी भी रोने लगी, उसे समझाने का प्रयास किया, कि ‘जैसा भी है, उसी से नियति समझकर शादी कर ले।

"अगर आपकी बेटी होती तो क्या आप उसकी शादी काने से कर देतीं?" लड़की ने दादी से पूछा था।

‘तू भी तो मेरी ही बेटी है।’

‘सिर पर हाथ रखकर कहो कि मैं तुम्हारी बेटी हूँ।’

‘हाँ तुम मेरी बेटी हो।’ कहते हुए पंडिताइन ने उस मुस्लिम कन्या के सिर पर हाथ रख दिया था।

"तो फिर हमेशा के लिए अपने 52 गज के घाघरे में मुझे छिपा लो दादी।’’

"मतलब।"

‘अपने इस पौते से मेरा विवाह करके मुझे अपने घर ले चलो।’

‘क्या?’ कोहराम मच गया, एक मुस्लिम लड़की की इतनी हिम्मत की निकाह के दिन जात-बिरादरी की बदनामी करे और पंडित के लड़के से शादी करने की बात कह दे, आखिर इतनी हिम्मत आई उसके अंदर कहाँ से...

जब किसी ने पूछा तो, उसने बताया, ‘दादी को नूरे हकीकत यानी कि दयानंद सरस्वती का सत्यार्थ प्रकाश पढ़कर सुनाते हुए।

कर्म से मुझे पंडिताइन बनने का हक वेदों ने दिया है और मैं इसे लेकर रहूँगी।’

पंचायत बैठी, लड़की अब अपनी बात पर अड़ गई कि शादी करेगी तो पंडित के लड़के से वरना नहीं, पढ़ेगी तो वेद पढ़ेगी वरना कुरान नहीं।

चतुरसेन और पंडित के लड़के की यारी थी, चतुरसेन आर्य समाजी किशोर था और उसने पंडित के लड़के को मना लिया था कि मुस्लिम लड़की से शादी करेगा तो सात पीढ़ियों के पूर्वजों के पाप धुल जाएँगे। उधर पंडित कृपाराम ने दादी को समझाया और दादी भी मान गई। मुरारीलाल शर्मा ने भी हाँ भर दी।

लेकिन मुस्लिम जमात में कोहराम मच गया और उस मुस्लिम परिवार का हुक्का-पानी गिरा दिया... उसे मुस्लिम धर्म से बाहर निकाल दिया, कुएँ से पानी भरना बंद हो गया।

परंतु वह परिवार भी अब इसलाम की दकियानूसी बातों से तंग आ चुका था और उसने अपनी पत्नी और तीन बेटों के साथ चार दिन में ही घर में कुआँ खोदकर पानी की समस्या से छुटकारा पाया और अपनी बेटी की शादी हिन्दू युवक से करने के साथ-साथ सपरिवार वैदिक धर्म अंगीकार करने की घोषणा कर दी।

यज्ञ हवन के साथ उस युवती का पिता आर्य बन गया और नाम रखा चौधरी हीरा सिंह।

आज हीरा सिंह की बेटी की शादी थी, किसी ने कहा, ‘हिन्दू इसकी बेटी ले जाएँगे, लेकिन इसके घर का हुक्का-पानी तक न पिएँगे।’ ठाकुर बडगुजर ने जब यह सुना तो हीरासिंह का हुक्का भर लाया और पहली घूँट भरी और फिर हीरा के मुँह में नेह ठोक दी और हीरा जाटों, पंडितों, और ठाकुरों के साथ बैठकर हुक्का पीने लगा।

पंडित कृपाराम ने उसके नए कुएँ से पानी भरा और सबको पिलाया और खुद भी पिया।

मुरारीलाल शर्मा ने एक लंबा भाषण दिया और आर्य समाज के प्रख्यात भजनीक तेजसिंह ने कई भजन सुनाए और बिन दान-दहेज के उस मुस्लिम बालिका मदीहा खान का विवाह संस्कार ब्राह्मण के लड़के से हो गया।

उस जमाने में अपनी तरह का यह पहला अंतरधर्मीय विवाह था।

पंडित कृपाराम आगे चलकर स्वामी दर्शनानंद सरस्वती के नाम से प्रसिद्ध हुए और उन्होंने हरिद्वार के निकट एक गुरुकुल महाविद्यालय स्थापित किया।

बालक चतुरसेन प्रख्यात उपन्यासकार हुए और आर्य समाज अनाज मंडी की स्थापना की और हीरा सिंह विधायक तक बना।

स्वामी दर्शनानंद, चतुरसेन शास्त्री, ठाकुर हीरासिंह आदि को आज सब जानते हैं, लेकिन इतिहास के पन्नों में सरस्वती (मदीहा खान) का कहीं नाम नहीं है, जिनकी प्रेरणामात्र से आधा दर्जन लोग विद्वान और समाजसेवी बने और सिकंदराबाद आर्य समाज वैदिक धर्म प्रचार का सबसे बड़ा गढ बन गया था।

संदर्भ

1. यादें,

2. मेरी आत्मकथा, चतुरसेन शास्त्री,

4. मेरा संक्षिप्त जीवन परिचय,

स्वामी दर्शनानंद सरस्वती.


✍️............#साभार




Saturday, December 3, 2022

देशरत्न जयंती समारोह







आज दिनांक: 03.12.2022 को पंजाब नैशनल बैंक के बिहार अंचल में अंचल प्रमुख श्री पूर्ण चंद्र बेहरा की अध्यक्षता में भारतीय स्वतन्त्रता आंदोलन के प्रमुख सेनानी एवं भारतीय संविधान के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाले भारत के प्रथम राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की 139वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया।  इस अवसर पर अपनी सादगी एवं सरलता से देश की माटी को सुशोभित करने वाले डॉ राजेन्द्र प्रसाद को अंचल प्रमुख एवं स्टाफ सदस्यों द्वारा श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।  समारोह में वक्ताओं ने राजेंद्र प्रसाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए देश के प्रति उनके त्याग व समर्पण को स्मरण करते हुए उनकी मेधा शक्ति को विशेष रूप से रेखांकित किया। संविधान निर्माण तथा देश की स्वाधीनता संग्राम में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अंचल प्रमुख ने बताया कि पंजाब नैशनल बैंक को इस बात का गर्व है कि देश के प्रथम राष्ट्रपति हमारे बैंक की शाखा एक्जीबिशन रोड, पटना के सम्मानित ग्राहक रहे।  सभा का संयोजन करते हुए मुख्य प्रबन्धक (राजभाषा) डॉ साकेत सहाय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्रनायकों की जीवन गाथा से हमें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलता है।   गांधीजी को वास्तव में महात्मा गांधी बनाने में चंपारण सत्याग्रह की बड़ी भूमिका रही और इसकी पृष्ठभूमि में देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद का बहुत बड़ा योगदान रहा। इस अवसर पर बैंक द्वारा अंतराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस का  आयोजन किया गया तथा दिव्यांग स्टाफ़ सदस्यों को अंचल प्रबंधक द्वारा सम्मानित किया गया।

#देशरत्न

#साकेत_विचार

Saturday, November 19, 2022

अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस


अं

 पुरुष दिवस की हार्दिक शुभकामना! 

अंत में काई दिवसों के साथ यह दिवस  भी बड़ी ख़ामोशी के साथ आता और चला जाता है।  विचारणीय यह है कि हर विषय पर मुखर रहने वाला सोशल मीडिया भी मौन रहता है। क्या आज अंध मुखरता के कारण पुरुष वर्ग बड़ी खामोशी के साथ खुद को बदनाम महसूस कर रहा है। जी हाँ हम बात कर रहे है अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस की।  

चलो इस मूक मजदूर वर्ग के लिए कोई तो दिवस बना। वरना, यह वर्ग तो झूठी शान में जी रहा है।  समाज में आधी से अधिक आबादी का हिस्सा इस तथाकथित अत्याचारी समाज से अपील है कि अपनी कमियों को पहचाने, अपनी खूबियों को जाने।  

आप समाज के महत्वपूर्ण हिस्सा है। आप निर्माता नहीं, पर निर्माण के स्तंभ जरूर हैं । समाज आपके बिना चल नहीं सकता। क्योंकि वर्तमान में समाज के बड़े हिस्से की अंधभक्ति में हम भावी पीढ़ी के लड़कों का हश्र वहीं न कर दें  जो आज से तीन सदी पूर्व लड़कियों के साथ होता था।  आज  का यथार्थ यह है कि  लडकें भी शोषण का शिकार हो रहे हैं।  समाज का मूल स्वभाव है  'सख्तर भक्तों, निर्ममों यमराज'।

समय के साथ सृष्टि की दोनों सृजनात्मक धूरियों में बदलाव परिलक्षित हुए है। स्त्री और पुरुष दोनों ही सृष्टि की आत्मा है।  एक के बिना दूसरे का अस्तित्व शून्य है। आइए, पुरुष दिवस पर इस समभाव को स्वीकारें। आज संबंधों में प्रेम में अधिक लालच, हवस, हिंसा, स्वार्थ, दिखावे और झूठ की प्रवृति हावी होती जा रही है। वहाँ कर्त्तव्य, दायित्व बोध, प्रेम, दया, करुणा, नैतिकता ही सबसे ज़रूरी है। अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर ओशो की इस रचना के मूल भाव को दोनों को ही समझना होगा। 

सुनहरी मछली  🌹🌸🌹


बात है तो विचित्र 

किन्तु फिर भी है !


हो गया था 'प्रेम' एक पुरुष को 

एक सुनहरी मछली से ! 

लहरों से अठखेलियाँ करती,

बलखाती ,चमचमाती मछली 

भा गई थी पुरुष को !

टकटकी बाँधे पहरों देखता रहता वह 

उस चंचला की अठखेलियाँ !

मछली को भी अच्छा लगता था 

पुरुष का यूँ निहारना !


बन्ध गए दोनों प्रेम- बंधन में !

मिलन की आकांक्षा स्वाभाविक थी !

पुरुष ने मछली से मनुहार की--

"एक बार,सिर्फ़ एक बार 

जल से बाहर आने का प्रयत्न करो "

प्रिय-मिलन की लालसा इतनी तीव्र थी 

कि भावविव्हल हो -

मछली जल से बाहर आ गई

छटपटा गई,बुरी तरह से छटपटा गई 

किन्तु अब वह प्रियतम की बाँहों में थी !

प्रेम की गहन अनुभूति में ......

कुछ पल को----

सारी तड़प,सारी छटपटाहट जाती रही !

एकाकार हो गए दोनों !

ये प्रेम की पराकाष्ठा थी !!!


तृप्त हो ,प्रेमी नें प्रेयसी को 

फिर से जल में प्रवाहित कर दिया !

बड़ा विचित्र,बड़ा सुखद और 

बड़ा दर्दनाक था यह मेल !!!

हर बार पूरी शक्ति बटोर--

चल पड़ती प्रेयसी प्रीतम से मिलने

तड़फडाती-छटपटाती

प्रेम देती- प्रेम पाती

तृप्त करती - तृप्त होती

फिर लौट आती अपने जल में !

बहुत दिनों तक चलता रहा ये खेल !


एक दिन ----

मछली को जाने क्या सूझी ...

उसने पुरुष से कहा --

" आज तुम आओ ! "

" मैं...मैं जल में कैसे आऊं ??

मेरा दम घुट जायगा !"-- पुरुष बोला

"कुछ पल को अपनी साँस रोक लो"-मछली नें कहा

साँस रोक लूँ ...यानी जीना रोक लूँ ??

कुछ पल 'जीने ' ही तो आता हूँ तुम्हारे पास ,

साँस रोक लूँगा तो जियूँगा कैसे ???-पुरुष ने कहा


मछली अवाक थी !!!

एक पल में -----

पुरुष-प्रकृति और प्रेम के पारस्परिक सम्बन्ध

का "सत्य " उसके सामने था !!!!

अब कुछ भी जानने-पाने और चाहने को शेष ना था !

मछली ने निर्विकार भाव से पुरुष को देखा ......

फिर डूब गई जल की अतल गहराइयों में !!!!

अनभिज्ञ पुरुष जीने की लालसा लिए

अभी तक वहीं खड़ा सोच रहा है

मेरा दोष क्या है ???


ओशो🌹🌸🌹

#पुरुष_दिवस

#साकेत_विचार

Monday, November 7, 2022

#फूटी_कौड़ी_से_डिजिटल_रुपया_तक


एक ज़माने में फूटी कौड़ी मुद्रा(करेंसी) की भाँति कार्य करती थी जिसकी क़ीमत सबसे कम होती थी।  उस समय तीन फूटी कौड़ियों से एक कौड़ी बनती थी और दस कौड़ियों से एक दमड़ी। 

आज कल की बोलचाल में फूटी कौड़ी को मुहावरे के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है ।   कई और भी मुहावरे आप सभी को याद होंगे, यथा, 

1. धेले भर की अक्ल नहीं है

2. चमड़ी जाए पर दमड़ी न जाए

3. पाई-पाई का हिसाब चुकाना होगा

4. कौड़ियों के भाव बेच दिया

5. इसे बेचकर तो फूटी कौड़ी भी नहीं मिलेगी

इन वाक्यों एवं मुहावरों को पढ़कर, सुनकर हम सभी के दैनिक जीवन में मुद्राओं की अहमियत भी पता चलता है। समय के साथ इन वाक्यों और मुहावरों के अर्थ हमें समझ आने लगे। यही मुद्राएं जीवन को अलंकृत भी करतीं हैं । आइए इन मुद्राओं का अर्थ समझते हैं -

मुद्रा (करेंसी ) का मूल्य  इस प्रकार था-

3 फूटी कौड़ी- 1 कौड़ी

10 कौड़ी - 1 दमड़ी

02 दमड़ी - 1.5 पाई

1.5 पाई - 1 धैला

2 धैला - 1 पैसा

3 पैसे - 1 टका

2 टका - 1 आना

2 आने- दोअन्नी

4 आने - चवन्नी

8 आने - अठन्नी

16 आने - 1 रुपया

आइए डिजिटल  रुपया के दौर में इस पुराने दौर को याद कर गौरवान्वित हों😊

#साकेत_विचार

#मुद्रा

#रुपया

Sunday, October 30, 2022

प्रकृति की उपासना और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित है छठ




कुछ और बातें

 🚩 कौन हैं छठी मैया जी ?🚩

लोगों में यह एक आम जिज्ञासा यह रही है कि भगवान सूर्य की उपासना के लोक महापर्व छठ में सूर्य के साथ जिन छठी मैया की अथाह शक्तियों के गीत गाए जाते हैं, वे कौन हैं। ज्यादातर लोग इन्हें शास्त्र की नहीं, लोक मानस की उपज मानते हैं। लेकिन हमारे पुराणों में यत्र-तत्र इन देवी के संकेत जरूर खोजे जा सकते हैं। 

पौराणिक कथा के अनुसार सूर्य और षष्ठी अथवा छठी का संबंध भाई और बहन का है। षष्ठी एक मातृका शक्ति हैं जिनकी पहली पूजा स्वयं सूर्य ने की थी। 'मार्कण्डेय पुराण' के अनुसार प्रकृति ने अपनी अथाह शक्तियों को कई अंशों में विभाजित कर  रखा है। प्रकृति के छठे अंश को 'देवसेना' कहा गया है। प्रकृति का छठा अंश होने के कारण इनका एक नाम षष्ठी भी है। 

देवसेना या षष्ठी श्रेष्ठ मातृका व समस्त लोकों के बालक-बालिकाओं की रक्षिका हैं। इनका एक नाम कात्यायनी भी  है जिनकी पूजा नवरात्रि की षष्ठी तिथि को होती रही है। पुराणों में निःसंतान राजा प्रियंवद द्वारा इन्हीं देवी षष्ठी का व्रत करने की कथा है। छठी षष्ठी का अपभ्रंश हो सकता है। 

आज भी छठव्रती छठी मैया से संतानों के लंबे जीवन, आरोग्य और सुख-समृद्धि का वरदान मांगते हैं। शिशु के जन्म के छह दिनों बाद इन्हीं षष्ठी या छठी देवी की पूजा का आयोजन होता है जिसे बोलचाल की भाषा में छठिहार कहते हैं। छठी मैया की एक आध्यात्मिक पृष्ठभूमि भी हो सकती है। 

अध्यात्म कहता है कि सूर्य के सात घोड़ों पर सवार सात किरणों का मानव जीवन पर अलग-अलग प्रभाव पड़ता है। सूर्य की छठी किरण को आरोग्य और भक्ति का मार्ग प्रशस्त करने वाला माना गया है। यह संभव है कि सूर्य की इस छठी किरण का प्रवेश अध्यात्म से लोकजीवन में छठी मैया के रूप में हुआ हो।

जब विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यता की स्त्रियां अपने सम्पूर्ण वैभव के साथ सज-धज कर अपने आँचल में फल ले कर निकलती हैं तो लगता है जैसे संस्कृति स्वयं समय को चुनौती देती हुई कह रही हो, "देखो! तुम्हारे असँख्य झंझावातों को सहन करने के बाद भी हमारा वैभव कम नहीं हुआ है, हम सनातन हैं, हम भारत हैं। हम तबसे हैं जबसे तुम हो, और जब तक तुम रहोगे तब तक हम भी रहेंगे।"

छठ के दिन नाक से माथे तक सिंदूर लगा कर घाट पर बैठी स्त्री अपनी हजारों पीढ़ी की अजिया सास ननिया सास की छाया में होती है, बल्कि वह उन्ही का स्वरूप होती है। उसके दउरे में केवल फल नहीं होते, समूची प्रकृति होती है। वह एक सामान्य स्त्री सी नहीं, अन्नपूर्णा सी दिखाई देती है। ध्यान से देखिये! आपको उनमें कौशल्या दिखेंगी, उनमें मैत्रेयी दिखेगी, उनमें सीता दिखेगी, उनमें अनुसुइया दिखेगी, सावित्री दिखेगी... उनमें पद्मावती दिखेगी, उनमें लक्ष्मीबाई दिखेगी, उनमें भारत माता दिखेगी। इसमें कोई संदेह नहीं कि उनके आँचल में बंध कर ही यह सभ्यता अगले हजारों वर्षों का सफर तय कर लेगी।

    देश की माताओं! जब भगवान आदित्य आपकी सूप में  उतरें, तो उनसे कहिएगा कि इस देश, इस संस्कृति पर अपनी कृपा बनाये रखें, ताकि हजारों वर्ष बाद भी  पुत्रवधुएँ यूँ ही सज-धज कर गंगा के जल में खड़ी हों और कहें- "उगs हो सुरुज देव, भइले अरघ के बेर..."

जय हो....

 भास्कर भगवान की जय

*आप सबको लोकआस्था के महापर्व छठ की मंगलकामनाएं ....*

🙏साभार🙏

Saturday, October 22, 2022

शहीद अशफ़ाक उल्ला खां को नमन


 आज भारतीय स्वाधीनता संग्राम के अमर सेनानी शहीद अशफ़ाक़उल्लाह ख़ान की जयंती है।  उनका पूरा नाम अशफ़ाक़ उल्ला ख़ाँ वारसी हसरत था। पण्डित रामप्रसाद बिस्मिल जैसे परम मित्र के साथ जेल में फॉंसी की प्रतीक्षा करते अशफ़ाक़उल्लाह ख़ान को अपनी ज़िंदगी की अंतिम रात तक बस इस बात का अफ़सोस रहा कि मातृभूमि पर सर्वस्व न्योछावर करने हेतु मैं एक ही बार पैदा क्यों हो सका।  उनके कुछ विचार-

‘कस ली है कमर अब तो, कुछ करके दिखाएँगे, आज़ाद ही हो लेंगे, या सर ही कटा देंगे।’

‘दिलवाओ हमें फाँसी, ऐलान से कहते हैं, खूं से ही हम शहीदों के, फ़ौज बना देंगे।’


चंद और पंक्तियाँ, जिसे मैंने भाव दिया है-


बिस्मिल हिन्दू हैं कहते हैं " माँ, मैं मातृभूमि की रक्षा के लिए फिर जन्म लूँगा, 

फिर जन्म लेकर भारतमाता को स्वतंत्र कराऊँगा।

माँ, मेरा भी मन है पर अपने मजहब की 

रीतियों से बंध जाता हूँ,

सुना है माँ मुसलमान पूर्नजन्म नहीं लेते

अल्लाह से यहीं दुआ है

मुझे स्वर्ग के बदले 

भारत माँ के सपूत के रूप में 

एक और जन्म ही दे दें….


यही जज़्बा भारत को भारत बनाता है। 


जय हिंद! जय भारत!!

#साकेत_विचार

#अशफ़ाक

Saturday, October 8, 2022

भारतीय वायु सेना दिवस



 राष्ट्रीय भाव बोध, संस्कृति,एकता, वैज्ञानिक सोच, अनुशासन, देशहित और राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रसार में भारतीय सशस्त्र सेनाओं  का महत्वपूर्ण स्थान रहा है।  साथ ही सैन्य संस्थानों की राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रचार -प्रसार में भी निर्विवाद भूमिका रही है। भारतीय वायु सेना की  90वीं वर्षगाँठ पर आप सभी को बहुत-बहुत बधाई!  

आज भारतीय वायु सेना का गीत याद आ रहा है...  गीत का भाव देखें .... 

'देश पुकारे जब सबको

दुख- सुख बाँटे एक समान

नीली वर्दी वालों का दल 

बढ़ता आगे सीना ......'

जय हिंद ! जय हिंदी!!

#long_live_IAF

#साकेत_विचार

हिंदी की ऐतिहासिक विरासत और शास्त्रीय भाषा का प्रश्न

हिंदी की ऐतिहासिक विरासत और शास्त्रीय भाषा का प्रश्न (पालि, प्राकृत, अपभ्रंश से आधुनिक हिंदी तक : भाषायी निरंतरता, सांस्कृतिक समावेश और भविष...