Saturday, October 8, 2022

मुंशी प्रेमचन्द की पुण्यतिथि पर स्मरण

 


हिंदी भाषा और साहित्य के रत्न तथा उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद जी की  पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन। 💐🙏💐

मुंशी प्रेमचंद की लेखनी आम आदमी, गाँव, समाज, व्यवस्था को समर्पित रहीं।  व्यवस्था, गाँव-देहात की सच्चाई तथा मानवीय मूल्यों का उन्होंने जिस प्रकार से अपनी रचनाओं में सजीव चित्रण किया, वह आज भी प्रासंगिक है। सामाजिक सरोकारों पर उनकी लेखनी विश्व साहित्य की अमूल्य धरोहर और अनुकरणीय है।

आज से 100 साल पहले भी जो उन्होंने लिखा, वह आज भी प्रासंगिक है। उनकी हर रचना ऐसे लगती है जैसे आज की कहानी है। नमक का दारोगा, बड़े घर की बेटी, गोदान, गबन... हर रचना जाग्रत।  जिस युग में प्रेमचंद ने कलम उठाई थी, उस समय उनके पीछे ऐसी कोई ठोस विरासत नहीं थी और न ही विचार और न ही प्रगतिशीलता का कोई मॉडल ही उनके समक्ष था। हिन्दी साहित्य में मुंशी प्रेमचंद जी का कद काफी ऊंचा है और उनका लेखन कार्य एक ऐसी विरासत है, जिसके बिना हिन्दी के विकास को अधूरा ही माना जाएगा। भारतीय साहित्य का बहुत-सा विमर्श जो बाद में प्रमुखता से उभरा, चाहे वह दलित साहित्य हो या फिर नारी साहित्य, उसकी जड़ें प्रेमचंद के साहित्य में दिखाई पड़ती हैं। 

उपन्यास सम्राट’ की उपाधि पानेवाले प्रेमचंद आज भी भारतीय साहित्य के सबसे अधिक लोकप्रिय लेखक हैं। उन्होंने अपने जीवनकाल में चैदह उपन्यास, ढाई सौ कहानियां और अनगिनत निबंध लिखे। इसके अतिरिक्त उन्होंने कुछ अन्य भाषाओं की पुस्तकों को भी हिन्दी में अनूदित किया। उनका सारा लेखन यथार्थ पर आधारित था और उसके माध्यम से उस समय की सामाजिक स्थितियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उनका एक प्रयास था। बाल-विवाह, गरीबी, भुखमरी, ज़मींदारों के अत्याचार अक्सर उनके लेखन का विषय थे। 1936 में लिखा गोदान उनका आखिरी उपन्यास है जिसे सबसे महत्वपूर्ण कृति माना जाता है। गोदान गांव में रहनेवाले उस परिवार की कहानी है जो कठिनाइयों का सामना करते हुए हिम्मत नहीं हारता।

हिंदी जैसी भाषा का ऐसा उत्कृष्ट साहित्यकार जो वास्तव में नोबेल पुरस्कार से भी बड़े पुरस्कार प्राप्ति के योग्य थे, पर उनका सम्मान उस समय उस भाषा के प्रेमियों बोलने ने उनके जीते -जी कभी नहीं की जिसमें वह अपनीं अस्थियाँ गलाकर लगातार ३३ वर्षों तक लिखते रहें। 

उनके अंतिम यात्रा का वह दृश्य पढ़िए “मुँह धुलाने के लिए शिवरानी गर्म पानी लेकर आई। मुंशी जी ने दांत माँजने के लिए खरिया मिट्टी मुँह में ली… नवाब ने बेबस आँखों से रानी को देखा और दम उखड़ते-उखड़ते , रुकती अटकती, कुएँ के भीतर से आती हुई सी—-…भारी गूंजती आवाज़ में डूबते आदमी की तरह पुकारा…..रानी…… “,चले गए मुंशी जी।( सिरहाने न कोई डॉक्टर ,न ही वे नामी गिरामी हिंदी के साहित्यकार , जो उस समय जीवित थे)।

ऐसी जाति की भाषा के रचनाकारों को कैसे मिलेगा नोबेल पुरस्कार?कैसे बनेगी वह राष्ट्र भाषा ?

भाषाएँ केवल गाल बजाने और अपना पीठ खुद ही थपथपाते रहने से श्रेष्ठ भाषा नहीं बन जातीं, उस भाषा के लोगों को  भाषा के लिए और उस भाषा में लिखने वालों के लिए अपना सर्वस्व निछावर करना होता है । 

प्रेमचन्द जी की एक और महत्वपूर्ण टिप्पणी

“हिन्दुस्तानी, उर्दू और हिन्दी की चार-दीवारी को तोड़ कर दोनों में रब्त-ज़ब्त पैदा कर देना चाहती है, ताकि दोनों एक-दूसरे के घर बे-तकल्लुफ़ आ जा सकें। महज़ मेहमान की हैसियत से नहीं, बल्कि घर के आदमी की तरह।” (प्रेमचंद) 

"सौभाग्य उसी को प्राप्त होता है, जो अपने कर्तव्य पथ पर अडिग रहते हैं।"

सच में प्रेमचन्द जी के उद्गार उन पर अक्षरश: खरे उतरते है। मानवीय भावनाओं का सजीव चित्रण कर अपने लेखन से हिंदी साहित्य को समृद्ध करने वाले "उपन्यास सम्राट"  विश्व साहित्य के महान साहित्यकार की पुण्य तिथि पर पुन: नमन एवं श्रद्धांजलि 🌹💐🙏🙏💐💐💐👏

Wednesday, October 5, 2022

दशहरा और प्रभु श्रीराम

 


आज दशहरा है।  हर बार की तरह इस बार भी ‘घनघोर स्मार्ट’ काफी कुछ  रावण के समर्थन में  लिख रहे है।  इस प्रकार की कुत्सित सोच के वाले लोगों के लिए रावण, महिषासुर आदर्श हो सकते हैं। अब तो महात्मा गांधी भी इन लोगों के लिए खलनायक है। 

दशहरा स्मरण कराता है जन जन के आदर्श श्रीराम की मर्यादा को समझने का। श्रीराम को समझना इतना आसान नहीं, क्योंकि मर्यादा पुरुषोत्तम सब नहीं बन सकते। इसीलिए वे ईश्वर कहलाए। राम वास्तव में अपेक्षा, लोभ, स्वार्थ, काम, क्रोध, सांसारिक मोह से परे कर्तव्य और मर्यादा से बंधे पुरुषोत्तम है। उनकी संपूर्ण गाथा मानव के 'मानव' बनने का इतिहास है।


#रामगाथा


राम ! 


आपकी गाथा, 

आपकी पताका, 

आपका शौर्य, 

आपका मान, 

हमारा अभिमान 

आपका सम्मान 

हमारा मान 

आपकी मर्यादा 

हमारा अभिमान 

भारत की शान


राम 

आपकी गाथा किताबों से परे

हमारे  संस्कार-संस्कृति से बंधे है।


राम 

आप हमारे भावों से 

आत्मा से 

कैसे विलुप्त हो गए?

क्या आपका विलुप्त होना 

भारतीयता  का 

संस्कार का 

संस्कृति का

मर्यादा का 

नष्ट होना नहीं ?


राम आप तो चक्रवर्ती  सम्राट थे।

आपने दशानन को विजित किया

वहीं दशानन जो संसार का सबसे शक्तिशाली व्यक्ति था

पर अहंकारी था

लोग कहते है कि 

आपने दशानन का  वध किया 

पर मुझे लगता है आपने 

उसके अहंकार का 

शमन किया!


इस कलियुग में आपके एक और अवतार की 

आवश्यकता है प्रभु!

क्योंकि आपके पुत्र अपनी मूल प्रकृति को भूल चुके है!

©डॉ. साकेत सहाय

आपको एवं आपके परिजनों को असत्य पर सत्य  और अधर्म पर धर्म की विजय के पर्व विजयदशमी की असीम शुभकामना! बधाई! जय श्रीराम🌺🌸🙏


चित्र स्रोत बाली, इंडोनेशिया

प्रसंग - मारीच वध

साभार- श्री कोडो गरोंग

Kodo Guang

पर्व-त्यौहार पर ख़रीद और छोटे दुकानदार

 

इस त्यौहारी मौसम में इनसे खरीदना न भूलें।  ये भारत के असंगठित क्षेत्र की रीढ़ हैं जिनसे भारत के असंख्य परिवारों में मुस्कुराहट आती है, रोटियाँ मिलती है। यहीं भारत को मंदी में भी भारत बनाते है। यही उद्यमशीलता है। जिसे एमएसई क्षेत्र कहते है ।  भारत की बुनियाद इनसे भी है।  आइए इनकी मेहनत को सलाम करें और इनसे ख़रीदारी करें, मोल-तोल भी करें, पर इनकी हंसी के साथ। 

आप सभी को दशहरा, दीपावली, छठ की हार्दिक शुभकामना! 


#साकेत_विचार

#एमएसएमई

#MSME

Wednesday, September 21, 2022

हास्य व्यंग्य कलाकार राजु श्रीवास्तव

 



अपने अभिनय की हँसी से सबको हँसाने वाले 58 वर्षीय चर्चित हास्य कलाकार, अभिनेता राजू श्रीवास्तव का दिल्ली के अखिल भारतीय आर्यूविज्ञान संस्थान में आज निधन हो गया। 

कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव पिछले करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे।  बीते १० अगस्त को वे दिल का दौरा पड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती कराए गए थे।  लोकप्रिय हास्य कलाकार और अभिनेता राजू श्रीवास्तव का सफर बेहद संघर्ष भरा था, कभी मुंबई में ऑटो चलाकर वे गुजारा करते थे। गजोधर भैया के नाम से प्रसिद्ध  कानपुर निवासी राजू श्रीवास्तव का असली नाम सत्य प्रकाश श्रीवास्तव था। उनका जन्म 25 दिसंबर 1963 को हुआ था।  उन्होंने अपने अभिनय से सभी को खूब हंसाया।

राजू श्रीवास्तव ने राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमायी थीं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में समाजावदी पार्टी ने उन्हें कानपुर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था लेकिन उन्होंने यह कहते हुए टिकट लौटा दिया था कि उन्हें पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं का समर्थन नहीं मिल रहा है।  बाद में उन्होंने उसी साल मार्च 2014 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। 

राजू श्रीवास्तव, 1980 के दशक के अंत से मनोरंजन जगत में सक्रिय रहे।  उन्हें 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' के पहले सीजन में भाग लेने के बाद उन्हें अपार लोकप्रियता मिली थी। 

उनकी असामयिक मृत्यु पर कहा जा सकता है ‘ ज़िंदगी छोटी-बड़ी नहीं होती, ज़िंदगी कार्यनिष्ठा और कर्म पर आधारित होती है। 

#अलविदा_राजू_श्रीवास्तव

विनम्र श्रद्धांजलि 💐🙏

#साकेत_विचार

Sunday, September 18, 2022

हिंदी में शोध और अन्य विचारणीय पहलू





हिंदी अपने ही बलबूते आम आदमी की ज़ुबान होने के बल पर आगे बढ़ रही है। मेरा यह व्यक्तिगत रूप से मानना है कि हिंदी का सबसे बड़ा अहित इस सोच ने किया है कि यह उत्तर भारत की भाषा है, जबकि इसे उत्तर-दक्षिण के खाँचे से इतर राष्ट्रभाषा के रूप में सशक्त करने की जिम्मेदारी व्यवस्था को लेनी थी। जिसे व्यवस्था ने अंग्रेज़ीयत के कारण नहीं सँभाली और अपने पाप को छुपाने की ख़ातिर हिंदी को भारतीय भाषाओं की प्रतिस्पर्धी बना डाला। अनेक कुतर्क गढ़े ग़ए। स्वभाषा के बिना हर कोई भाषाविद् और तकनीकीविद् होने लगा। पत्रकारिता और सिनेमा जगत ने भी हिंदी को इवेंट की भाषा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। थोड़ा-बहुत विकास हुआ भी तो हिंदी की आंतरिक शक्ति के बल पर।

दूसरी बात हिंदी में जुगाड़ू और चाटुकार लोगों का जमघट बना रहा। अकादमिक जगत में यह बात क़ायम रही कि हिंदी के विकास का ठेका हिंदी के अध्यापकों ने लिया है। वैसे ही जैसे राजभाषा की प्रगति की जिम्मेदारी केवल राजभाषा सेवियों की है पर तकनीक, प्रबंधन या अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग तो केवल अंग्रेज़ी के लिए ही बने हुए है। उच्च मध्यवर्गीय परिवारों में अंग्रेज़ी के व्याप्त मोह ने हिंदी को केवल निम्नवर्ग की भाषा बनाने का कार्य किया। अब यदि वास्तव में सरकार गंभीर हैं तो अनुच्छेद ३५१ के अनुरूप वाली हिंदी माध्यम में शोध हो इस दिशा में सरकार और समाज को गंभीर होना होगा। इस देश की समृद्धि के लिए संस्कृत के सहयोग से एक प्रमुख भाषा में ज्ञान-विज्ञान की धारा प्रवाहित करनी होगी, यह सबके सार्थक सहयोग से ही होगा। 

विश्वविद्यालय स्तर पर  शिक्षकों को विद्यार्थियों के बीच हिंदी को ज्ञान-विज्ञान की भाषा बनाने के लिए अनिवार्य पहल करनी होगी। बहुत कम ऐसे शिक्षक हैं जो विश्वविद्यालय में विमर्श के माध्यम से छात्रों को अपना शोध पत्र हिंदी में  लिखने के लिए प्रेरित  करते हैं।   ऐसी पहल हिंदीतर क्षेत्रों में भी साथ-साथ हो तभी हिंदी वास्तव में राष्ट्रभाषा  बनेगी। साहित्य की अपनी जगह है पर विश्वविद्यालय के सभी विभागों को अपनी भूमिका समझनी होगी और राष्ट्रीय स्तर पर  तकनीक,ज्ञान-विज्ञान, संस्कृति जैसे विषयों में हिंदी के विस्तार हेतु कार्य करने का दायित्व समझना होगा।

मैंने २००८ में भारत में इलेक्ट्रोनिक मीडिया और हिंदी :१९९० के दशक के बाद -एक समीक्षात्मक अध्ययन विषय पर भारतीय वायु सेना में रहते हुए प्री-पी एच डी परीक्षा पास करने के बाद पंजीकरण किया था और २०१३ में इसे विश्वविद्यालय को प्रस्तुत किया था। मेरे शोध की काफ़ी प्रशंसा हुई।   मुझे जहां तक ज्ञात है इस विषय पर उस समय शोध करने वाला मैं पहला व्यक्ति था।  यह सत्य है कि भाषा के क्षेत्र में बहुत कम लोग गंभीर विषयों पर शोध लेखन के लिए आगे आते है और यह भी विचारणीय है कि बहुत कम उन्हें प्रोत्साहित करते है। इस दिशा में हिंदी की समृद्धि हेतु ध्यान दिया जाना ज़रूरी है। 



Sunday, September 11, 2022

आज के समय में विनोबा भावे की प्रासंगिकता

 



भूदान आंदोलन के जनक, नागरी लिपि परिषद के संस्थापक आचार्य विनोबा भावे की 127 वीं जयंती पर भावपूर्ण नमन!  आज जब देश में रीयल एस्टेट की आड़ में कृषि जोत ख़रीदने की होड़ लगी है। हर कोई ज़मीर से अधिक ज़मीन ख़रीदने की होड़ में शामिल है। अब किसान भी मुँह माँगी क़ीमत पर अपनी ज़मीन बेच रहे है। भारतीय ग्रामीण परंपरा की नींव दरकती जा रही है। अब हर पैसे वाला ज़मींदार है। इस होड़ के कारण भूदान आंदोलन के जनक आचार्य विनोबा भावे ज़्यादा याद आ रहे हैं। 

आज के हिंदुस्तान में ज्ञानेश उपाध्याय की विशेष प्रस्तुति को पढ़ा। सच में भारतीय स्वाधीनता आंदोलन की विरासतें कमज़ोर पड़ रही है। 

आलेख का एक छोटा-सा अंश

हमारा शरीर स्वयं ही प्रेम और लगाव की अद्भुत मिसाल है। अंगों में परस्पर अनुपम प्रेम होता है। सब अंग एक दूजे की सेवा में लगे होते हैं ताकि शरीर सुखी रहे ।  सोते हुए में भी एक अंग को दूसरे की फ़िक्र होती है ।  शरीर पर कहीं भी मच्छर बैठ जाए तब तत्काल हाथ उठ जाता है काश! समाज भी शरीर-सा हो जाए, जिसमें सभी को सभी की फिक्र हो लेकिन ऐसा होता नहीं है इसलिए दुख दर्द की अवस्था कही न कही बची-बनी रहती है।  जब प्रेम का अभाव होता है, तब दुःख अक्सर घृणा में बदल जाता है और घृणा ही हिंसा पर उतारू हो जाती है। 

आज देश की युवा पीढ़ी अपनी भाषा और लिपि को हीनता बोध से देखती है। रोमन लिपि की अपसंस्कृति हावी है। ऐसे में उनके विचारों को आज अपनाने की ज़्यादा ज़रूरत है।

#भूदान

#रोमन

#देवनागरी

#साकेत_विचार

Thursday, September 1, 2022

राही मासूम रज़ा और हिंदी


यह सुखद संयोग है कि हिंदी एवं उर्दू के महान कवि,संवाद लेखक, उपन्यासकार एवं महाकाव्य ‘महाभारत’पर आधारित ऐतिहासिक टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ की पटकथा लिखकर अपनी लेखनी को अमर करने वाले डा. राही मासूम रजा की जयंती से देश के संपूर्ण सरकारी  कार्यालयों में हिंदी माह/पखवाड़ा-2022 की शुरूआत हो रही है।  हम सभी ने जगजीत सिंह की आवाज में अमर गीत ‘हम तो है परदेश में, देश में निकला होगा चांद‘ को जरूर सुना होगा।इस मधुर गीत को कलमबद्ध करने वाले डा. राही मासूम रजा ही थे।   इस प्रसिद्ध गीत का भाव बोध हमारी मिट्टी, भाषा, संस्कृति से प्रेम पर आधारित है।  हम सभी अपनी मिट्टी, भाषा, संस्कृति से अभिन्न रूप से जुड़े हुए है।बिना इसके मानव का अस्तित्व नहीं है।  हिंदी केवल एक भाषा-मात्र नहीं है वरन्न यह सभी भारतीय भाषाओं, बोलियों का क्रियोलाइजेशन है।  इससे सभी भारतीय प्रेम करते है।  यह राजनीति, संस्कृति, समाज,लोक की भाषा है।इसीलिए यह लोकभाषा, संस्कृति की भाषा, संपर्क की भाषा, राष्ट्रभाषा से होते हुए राजभाषा के पद पर आसीन हुई और अब संचार की भाषा से तकनीक की भाषा के रूप में परिवर्तित होकर विश्व भाषा के रूप में उपस्थित है।   आज विश्व धरातल पर हिंदी भारतीयता की पहचान बन चुकी है।क्योंकि हम भारतीयों की पहचान विश्व धरातल पर हिंदू, हिंदी एवं इंसानियत से होती है। वास्तव में हिंदी आमजन की भाषा है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देने के लिए यह आवश्यक है कि हम सभी जन से जुड़े। तंत्र की सफलता भी आम जन की सफलता है।  इसी का नतीजा है आज अधिकांश योजनाओं की सफलता आम आदमी के बेहतर समन्वय पर आधारित है।   आइए, इसी भाव बोध को समर्थन देते हुए हिंदी को एक नया आयाम दें।       सादर,   डा. साकेत सहाय

हिंदी की ऐतिहासिक विरासत और शास्त्रीय भाषा का प्रश्न

हिंदी की ऐतिहासिक विरासत और शास्त्रीय भाषा का प्रश्न (पालि, प्राकृत, अपभ्रंश से आधुनिक हिंदी तक : भाषायी निरंतरता, सांस्कृतिक समावेश और भविष...