Thursday, March 14, 2024

साहित्य और बाज़ार




साहित्य अब बाजार की गिरफ़्त में आता जा रहा है। साहित्य सिर्फ़ होर्डिंग, बैनर तक सिमटता जा रहा है।  यह सिस्टम और बाजार का घालमेल है।  उदारीकरण के बाद से साहित्य में बाजार का निर्णायक दख़ल शुरू हुआ।  अब लेखक पहले की भांति बाजार का प्रतिरोध करने की बजाय उससे जुगत भिड़ाने लगे। साहित्य और बाज़ार के घालमेल से लेखन उनके लिए व्यवहार, साधना, पीड़ा, भोग, यथार्थ से अधिक शौक का विषय होने लगा।  लेखन का एकमात्र ध्येय चर्चित होना रह गया। ऐसे में प्रतिबद्धता और सरोकार जैसे शब्द गौण हो गए। इसमें प्रकाशक भी शामिल है।  साहित्य के नाम पर साहित्य से इतर सब कुछ। 

कुछ दिनों पूर्व मैं एक लेखन प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में शामिल था।  यह संस्था पिछले पाँच सालों से हिन्दी साहित्य के प्रसार हेतु गतिविधियाँ आयोजित करा रही है।प्रतियोगिता में मैंने यह देखा कि अधिकांश प्रविष्टियाँ रिश्तों के विघटन, अनैतिक संबंधों पर ही प्रेषित किए जाते हैं। हम सभी जानते है साहित्य का एक स्थायी भाव बोध होता है।  इसमें समाज, देश और काल का ऐतिहासिक  भाव बोध भीछुपा होता है। पर इस प्रकार के नकारात्मक भाव बोध से हम किस प्रकार के समाज का निर्माण चाह रहे हैं?  अब किसी को साहित्त्य के मूल अर्थ से मतलब नहीं रह गया है।   इस नई प्रवृत्ति का असर यह हो रहा है कि बाजार साहित्य को उसकी मूल चेतना से काट कर उसे सिर्फ क्रय-विक्रय की वस्तु बनाने की दिशा में सक्रिय है। इस  पर एक कहानी जो कहीं पढ़ी थी, उसे आप सभी से साझा कर रहा हूँ। कहानी ज्ञान और विचार को किसी परिधि में बांधने से बचने की बात करती है । 

एक राजा था , उसे राजगुरु नियुक्त करना था । उसने विद्वानों से कहा कि गाँव से बाहर उत्तर दिशा में एक वन-भूमि है , उस भूमि में आप जितनी धरती को घेर कर बाड़ा बना सकेंगे , उतनी धरती मैं आपको दे दूँगा ।जिसका बाड़ा सबसे बड़ा होगा , उसे राजगुरु नियुक्त किया जायेगा । 

पंडित- लोग वनभूमि में पँहुच गये , और अपनी शक्ति-साधन के अनुसार बड़े से बड़ा बाड़ा बनाने लगे । दूसरे दिन राजा पँहुचा , विद्वानों ने अपने द्वारा बनाये गये बाड़े दिखलाये , एक से एक बड़ा बाड़ा बनाया गया था । सब के अन्त में एक पंडित चुपचाप खड़ा उन बाड़ों को देख रहा था । राजा ने उससे पूछा - तुम्हारा बाड़ा कहाँ है ? वह बोला कि इन पंडितों के द्वारा बनाये गये बाड़ों के बाहर की धरती का जो विस्तार है , वह सब मेरा है । राजन‌ , परिधियाँ तो हमेशा संकीर्ण और सीमित ही होती हैं , भले ही वे कितनी ही बड़ी क्यों न हो । विस्तार तो परिधियों के बाहर ही है । इसलिए मैने परिधि बनायी ही नहीं , परिधियों के बाहर का विस्तार मेरा है । राजा ने उसी को राजगुरु नियुक्त कर लिया ।

अब जरूरी है कि साहित्य को किसी परिधि में बांधने वालों से बचा जाए । साहित्य के प्रति समाजोपयोगी सरोकार रखने वाले लोग आगे आए।  साहित्य को सुरसा रूपी बाजार से तुरंत बचाया जाए, क्योंकि बाज़ार साहित्य के मूल पक्ष कला और भाव दोनों को नष्ट करने की ओर अग्रसर है। 

साहित्य को सत्ता से नहीं, बाजार से असल खतरा है।  आज बाजार जिस गति से साहित्य को निगल रहा है, अगर हम अब भी नहीं चेते तो भविष्य में चेतने के लिए कुछ बचेगा नहीं हमारे समक्ष। 

#बाज़ार #लिखना #साहित्य #साकेत_विचार

©️डा. साकेत सहाय

    14 मार्च, 2024

Wednesday, March 13, 2024

सुविचार_साकेत

 सुविचार



‘डर के आगे हार है

विश्वास के आगे जीत है। ‘

©️डा. साकेत सहाय

    14 मार्च, 2024

#साकेत_विचार

#भाव_विचार_भाषा

13 मार्च, 1940


आज विशेष 


देश को पराधीनता से मुक्त कराने के लिए सैकड़ों सेनानियों ने अपना बलिदान दिया था। 

आज का दिन उन्हीं में से एक है। जब महान क्रांतिकारी पंजाब में जन्मे भारत माता के अमर सपूत ऊधम सिंह जी ने १३ मार्च, १९४० की ऐतिहासिक तारीख़ को माइकल ओ’डायर की हत्या करके जलियांवाला बाग कांड के नृशंस हत्याकांड का  बदला लिया था ।   ऊधम सिंह जी पर अमृतसर के जलियांवाला बाग नरसंहार का गहरा असर पड़ा और उन्होंने हर कीमत पर इसका बदला लेने का प्रण लिया ।  इस नृशंस हत्याकांड का बदला लेने के लिए वे लंदन तक गए और वहां जाकर उन्होंने पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ डायर की हत्या कर दी। आजादी के इस दीवाने ने निहत्थे हिंदुस्तानियों की मौत का आदेश जारी देने वाले ओ’डायर पर 13 मार्च, 1940 को ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी जान ले ली और देश के प्रति समर्पण एवं सर्वोच्च बहादुरी की नयी मिसाल कायम की। शहीद उधम सिंह जी के साहस, त्याग एवं बलिदान को शत शत नमन !

#आज़ादी #स्वाधीनता #ऊधम_सिंह #भारतीय _स्वाधीनता_संग्राम #जलियाँवाला #साकेत_विचार


Tuesday, March 12, 2024

क से कविता

 


 क से कोमल लिखा 

तो वे प्रसन्न हुए 

वाह! बड़ा सुंदर, मोहक शब्द है। 

क से काम लिखा 

तो वे असहज हो गए 

और जब 'क' से कर्तव्य लिखा 

तो वे मौन हो गए ।


©️डा. साकेत सहाय

    11 मार्च, 2024

#साकेत_विचार

#कविता #लिखना #भाषा 


#WorldsLargestLiteratureFestival #FestivalofLetters2024 #SA70

Friday, March 8, 2024

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

 #अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

#InternationalWomen'sDay

महिला और पुरूष  दोनों ही सृष्टि की आत्मा है।  एक के बिना दूसरे का अस्तित्व शून्य है। आइए महिला दिवस पर इस समभाव को स्वीकारें । 

भारतीय संस्कृति में पुरुष को नाथ और स्त्री को देवी  के रुप में सर्वोच्च मानने की परंपरा स्थापित रही हैं। भारतीय संस्कृति में औपनिवेशिक प्रभाव ने इस परंपरा को विकृत किया है। हम और आप अपने सात्विक  इतिहास से कोसों दूर हैं । जहाँ तक समानता की बात है तो स्त्री और पुरूष को  उनकी प्रकृति के अनुरूप उच्चतम शिक्षा,श्रेष्ठ संस्कार दें तथा समाज दोनों के गुण एवं अवगुण का आकलन कर उच्चतम सामाजिक मानदंड स्थापित करने की मंशा रखते हुए उनसे व्यवहार करें। स्त्री में करुणा,दया,प्रेम,रचनात्मकता ,सृजनात्मकता जैसे  दिव्य गुण ईश्वर द्वारा नैसर्गिक रूप से प्रदत्त रहते  हैं। पुरुष को परमात्मा ने अलग जिम्मेदारी दी है। पश्चिम प्रेरित समाज आजकल महिला सशक्तिकरण की आड़ में पुरुष को महिला बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं महिला को पुरुष जिससे सामाजिक ढांचे में व्यापक परिवर्तन उत्पन्न हुए हैं । इस वजह से कई दुष्परिणाम देखने को आ रहे हैं। जबकि जरूरत है महिला एवं पुरूष को उनके गुणों का पूरा सम्मान मिले और समाज दोनों के समवेत संस्कार से परिष्कृत हो। 

सादर

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामना.....

समस्त मातृ शक्ति को नमन!

#साकेत_विचार

महाशिवरात्रि

देवाधिदेव महादेव के आराधना पर्व महाशिवरात्रि की आप सभी को हार्दिक शुभकामना!  हर-हर महादेव!!


भगवान शिव समस्त जगत के आदि कारक माने जाते हैं। उन्हीं से ब्रह्मा, विष्णु सहित समस्त सृष्टि का उद्भव होता  है।  शिव व्यक्ति की चेतना के अर्न्तयामी हैं । वेदों में शिव ‘रुद’ और शिव ‘कल्याण’ भी है। शिव - लय भी, प्रलय भी; कला भी, काल भी; डमरू भी, त्रिशूल भी; गंगाजल भी, विष भी! दिशा-दिशा में हर-हर है।  कहा भी गया है- ‘कंकर-कंकर में शंकर’ । 

भगवान शिव से जुड़ी एक कथा हैं- 

'एक बार माँ काली क्रुद्ध अवस्था में थीं।  देव, दानव और मानव सभी उन्हें रोकने में असमर्थ थे। तब सभी ने माँ काली को रोकने हेतु भगवान शिव का सामूहिक स्मरण किया।  शिवजी ने भी यह अनुभव किया कि माता काली को रोकने का एकमात्र मार्ग है -प्रेम और वे माँ काली के मार्ग में लेट गए। माँ काली ने ध्यान नहीं दिया और उन्होंने उनकी छाती पर पैर रख दिया।  अभी तक महाशक्ति ने जहाँ-जहाँ कदम रखा था, वह जगह नष्ट हो गया था। पर यहां अपवाद हुआ । माँ काली ने जब देखा उनका पैर भगवान शिव की छाती पर हैं, वे पश्चाताप करने लगीं। इस कथा का सार यहीं हैं कि हर कठिन कार्य का सामना आत्म बल  के साथ किया जा सकता हैं।

इसी संकल्प के साथ आप सभी को पुन: महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामना!  महादेव से देश, समाज व संगठन के समृद्धि की प्रार्थना करता हूँ। 

सादर                                                    

🙏

जय शिव-शंकर ! 

©डा. साकेत सहाय

Hindisewi@gmail.com

#साकेत_विचार

Thursday, March 7, 2024

अज्ञेय

 


आधुनिक हिंदी साहित्य के आधार स्तंभों में से एक सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन ‘अज्ञेय’ जी का जन्मदिन है। आपका जन्म वर्ष 1911 में उतर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ था। कालेज के दौरान आप सक्रिय क्रांतिकारी गतिविधियों से जुड़ गए और कई बार जेल भी गए। कारावास में रहकर अपनी कुछ प्रमुख कृतियों का सृजन किया। 1943 में काव्य संग्रह तार सप्तक का संपादन किया। 1947 में अपने संपादन में नया प्रतीक पत्रिका में आधुनिक साहित्य की नई धारणा के साहित्यकारों को स्थान देकर साहित्यिक पत्रकारिता का नया इतिहास रचा। चार अप्रैल, 1987 को आपका निधन हुआ। उनकी स्मृति में उनकी दो रचनाएँ- 

 (१)

‘मन बहुत सोचता है’ -अज्ञेय  

 

मन बहुत सोचता है कि उदास न हो  

पर उदासी के बिना रहा कैसे जाए?  

शहर के दूर के तनाव-दबाव कोई सह भी ले,  

पर यह अपने ही रचे एकांत का दबाव सहा कैसे जाए!  

नील आकाश, तैरते-से मेघ के टुकड़े,  

खुली घास में दौड़ती मेघ-छायाएँ,  

पहाड़ी नदी : पारदर्श पानी,  

धूप-धुले तल के रंगारंग पत्थर,  

सब देख बहुत गहरे कहीं जो उठे,  

वह कहूँ भी तो सुनने को कोई पास न हो—  

इसी पर जो जी में उठे वह कहा कैसे जाए!  

मन बहुत सोचता है कि उदास न हो, न हो,  

पर उदासी के बिना रहा कैसे जाए!  

स्रोत :पुस्तक : सन्नाटे का छंद (पृष्ठ 137)

संपादक : अशोक वाजपेयी  

रचनाकार : अज्ञेय  

प्रकाशन : वाग्देवी प्रकाशन  

संस्करण  : 1997 कविता


(२)


जो पुल बनाएँगे

वे अनिवार्यत:

पीछे रह जाएँगे।

सेनाएँ हो जाएँगी पार

मारे जाएँगे रावण

जयी होंगे राम,

जो निर्माता रहे

इतिहास में

बन्दर कहलाएँगे

      _  अज्ञेय।

#अज्ञेय #हिंदी #कविता

#साकेत_विचार

हिंदी की ऐतिहासिक विरासत और शास्त्रीय भाषा का प्रश्न

हिंदी की ऐतिहासिक विरासत और शास्त्रीय भाषा का प्रश्न (पालि, प्राकृत, अपभ्रंश से आधुनिक हिंदी तक : भाषायी निरंतरता, सांस्कृतिक समावेश और भविष...