🇮🇳 करगिल विजय दिवस — वीर शहीदों को शत्-शत् नमन! 🇮🇳
💐🙏 अमर रहें ! हमारे वीर सपूत! 🙏💐
26 जुलाई केवल एक तारीख नहीं, बल्कि भारत के शौर्य, साहस, त्याग और विजय का गौरवशाली प्रतीक है।
आज जब देश 27वां करगिल विजय दिवस मना रहा है, तब उन वीर जवानों की याद समस्त देशवासियों के हृदय को गर्व से भर देती है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। वर्ष 1999 में करगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर भारतीय सैनिकों ने जिस अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया, वह भारतीय सैन्य इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में सदैव अंकित रहेगा। ऑपरेशन विजय के दौरान हमारे वीर सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान के लिए संघर्ष किया और 26 जुलाई, 1999 को विजय का गौरव हासिल किया।
मेरे लिए यह दिन व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण है। मुझे गर्व है कि करगिल युद्ध के समय मैंने भारतीय वायु सेना में अपना योगदान दिया था । प्रशिक्षण के तुरंत बाद मेरी तैनाती पूर्वोत्तर भारत में हुई थी। उस दौर में वर्दी पहनकर राष्ट्र की सेवा करना मेरे जीवन का ऐसा अनुभव है, जिसे मैं सदैव गर्व और सम्मान के साथ याद रखूँगा ।
आज उन सभी अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने अपने आज का बलिदान देकर देश का हमारा कल सुरक्षित किया। वीर सपूतों को समर्पित स्वरचित पंक्तियां-
देह बनी है भारत की मिट्टी से,
देह से आती है वतन की ख़ुशबू।
वतन के काम आए यह ख़ुशबू—
यह सपना है हर सैनिक का।
भारत की सीमाएँ सुरक्षित रहें,
माँ भारती का मस्तक सदा ऊँचा रहे—
यह संकल्प है हर सैनिक का।
जिन्होंने तिरंगे की शान के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, उनके बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा। करगिल के अमर शहीदों को शत्-शत् नमन! 💐
🇮🇳 वन्दे मातरम्! जय हिंद! जय भारत!!! 🇮🇳
डॉ साकेत सहाय
एयर वेटरन
#साकेत_विचार
No comments:
Post a Comment